भकुर्रा मोड़ जंगल में जुआ पर कोतवाली पुलिस का बड़ा एक्शन, 27.49 लाख रुपये की नगदी, थार और मोबाइल जब्त..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार जुआरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, महंगी गाड़ी, मोबाइल फोन और ताश की गड्डी समेत कुल 27,49,540 रुपये का मशरूका जब्त किया है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर 27 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम अमलीडीपा के भकुर्रा मोड़ जंगल के पास कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और चार लोगों को जुआ खेलते रंगे हाथों पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में ओमप्रकाश चंद्रा उर्फ पोचु (देवसागर), कृतराम चंद्रा (सलोनीकला), रामशरण सिंह राजपूत (भटगांव) और भगवान प्रसाद जायसवाल (देवसागर) शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों और जुआ फड़ से 1,66,540 रुपये नकद, 7 मोबाइल फोन (कीमत लगभग 3.83 लाख रुपये), एक महिंद्रा थार वाहन (कीमत लगभग 22 लाख रुपये) तथा 52 पत्ती ताश जब्त की। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 27,49,540 रुपये बताई गई है। चारों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, पीएसआई विवेक चौहान, प्रधान आरक्षक अर्जुन पटेल तथा आरक्षक विमल जांगड़े, मिनिकेतन पटेल, दिनेश चौहान, संजय भारद्वाज और गौरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कोतवाली प्रभारी प्रमोद यादव ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Scroll to Top