सरिया पुलिस ने साइकिल चोर को दबोचा, चोरी की 17 साइकिल बरामद, कई मामलों के खुलासे की उम्मीद..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया पुलिस ने साइकिल चोरी के मामलों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की 17 साइकिलें, जिनमें रेंजर, लेडीज़ और जेंट्स साइकिलें शामिल हैं, बरामद की हैं। जब्त साइकिलों की अनुमानित कीमत 85 हजार रुपये बताई गई है।

Join WhatsApp Group Click Here

पुलिस के अनुसार 27 जून को थाना सरिया पुलिस की टीम क्षेत्र में गश्त और अपराधियों की तलाश में निकली थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि भठली चौक के पास एक व्यक्ति चोरी की साइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एक व्यक्ति को रेंजर साइकिल के साथ पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नकुल साहू (52 वर्ष) निवासी ग्राम औरदा, थाना पुसौर, जिला रायगढ़ तथा वर्तमान पता संत बिनोबा नगर, रायगढ़ बताया। आरोपी साइकिल से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने गोड़म, सरिया और बरमकेला क्षेत्र से साइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके ग्राम औरदा स्थित घर से 16 अन्य चोरी की साइकिलें बरामद कीं। इस तरह कुल 17 साइकिलें जब्त की गईं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 35(क)(ड) बीएनएसएस एवं धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का मानना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से क्षेत्र में हुई कई साइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा हो सकता है और अन्य मामलों में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।

Scroll to Top