शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया नगरवासियों को जल्द ही नवीन रजिस्ट्री कार्यालय भवन की सुविधा मिलने जा रही है। तहसील कार्यालय के समीप बनने वाले इस भवन के लिए स्थान चिन्हांकन और लेआउट का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। भवन निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत चुनाव के दौरान रायगढ़ विधायक एवं प्रदेश के वित्त मंत्री ने सरिया में रजिस्ट्री कार्यालय शुरू कराने का वादा किया था। चुनाव के बाद अल्प समय में ही सरिया में रजिस्ट्री कार्यालय प्रारंभ कर दिया गया। इसके बाद स्थायी व्यवस्था के लिए नवीन भवन की स्वीकृति भी दिलाई गई। अब भवन निर्माण के लिए आवश्यक प्रारंभिक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
नगर पंचायत सरिया के अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल ने कहा कि यह सरिया क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि चुनाव के दौरान वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने जो वादा किया था, उसे समयबद्ध तरीके से पूरा किया गया। पहले रजिस्ट्री कार्यालय की शुरुआत कराई गई और अब नए भवन के निर्माण की दिशा में कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कमलेश अग्रवाल ने कहा कि रजिस्ट्री कार्यालय भवन बनने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं मिलेंगी और जमीन संबंधी कार्यों के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने इसके लिए वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में सरिया लगातार विकास और नई सुविधाओं की ओर अग्रसर है। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि नवीन रजिस्ट्री कार्यालय भवन बनने से क्षेत्र में प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा लोगों को अपने कार्यों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।


