शेयर करें...
सरगांव/बिलासपुर। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष, विधायक बिल्हा धरमलाल कौशिक से उनके निवास पर कनौजिया कुर्मी समाज परिक्षेत्र सिलदहा के नवनियुक्त पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान समाज के प्रतिनिधियों ने संगठन की भावी कार्ययोजना, सामाजिक एकता, शिक्षा, संस्कार, युवाओं की भागीदारी तथा समाजहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में समाज के अध्यक्ष भोजराम वर्मा, उपाध्यक्ष सनत वर्मा, कोषाध्यक्ष लक्ष्मण कुमार वर्मा, उप-कोषाध्यक्ष रामकुमार वर्मा, सचिव महेश वर्मा, सह-सचिव पंकज वर्मा, रामजानकी मंदिर अध्यक्ष संजय वर्मा सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी पदाधिकारियों ने समाज को नई दिशा देने और संगठन को अधिक मजबूत बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
इस अवसर पर धरमलाल कौशिक ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक ताकत उसकी एकता, शिक्षा और संस्कारों में निहित होती है। उन्होंने युवाओं को समाज के विकास कार्यों से जोड़ने, शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम अपने नेतृत्व, समर्पण और सेवा भावना के बल पर समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कौशिक ने कहा कि संगठित समाज ही विकास के नए आयाम स्थापित कर सकता है। समाज के पदाधिकारियों को चाहिए कि वे नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करें। उन्होंने सामाजिक सहयोग, आपसी भाईचारे और जनसेवा को संगठन का मूल उद्देश्य बनाने का आह्वान किया।
बैठक का माहौल आत्मीय और सकारात्मक रहा। उपस्थित पदाधिकारियों ने समाज के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया तथा भविष्य में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और युवा सशक्तिकरण को लेकर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा पर भी चर्चा की।
नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान और मार्गदर्शन से समाज में नई ऊर्जा का संचार हुआ है, जिससे संगठन को और अधिक मजबूत तथा प्रभावशाली बनाने की उम्मीद बढ़ी है।


