शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// अधिकमास (पुरुषोत्तम मास) के पावन अवसर पर ग्राम विश्वासपुर स्थित श्री श्री राधामाधव मंदिर में धार्मिक आयोजन का भव्य कार्यक्रम संपन्न हुआ। गुरु नरसिंह दास महाराज के सान्निध्य में यज्ञ, हवन, विशेष पूजा-अर्चना और अखंड हरिनाम संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम के मुख्य यजमान आश्रम समिति के अध्यक्ष कुशल प्रसाद पटेल (रघुनाथ) एवं उनकी धर्मपत्नी रहे। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान श्री राधा-कृष्ण एवं श्री चैतन्य महाप्रभु से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की।
इस दौरान अखंड श्री हरिनाम संकीर्तन ने पूरे मंदिर परिसर को भक्तिमय बना दिया। विभिन्न कीर्तन मंडलियों द्वारा “भज श्री कृष्ण चैतन्य प्रभु नित्यानंद” और “हरे कृष्ण हरे राम, श्री राधे गोविंद” जैसे पावन नामों का संकीर्तन गायन, वादन और नृत्य के साथ किया गया। संकीर्तन में शामिल श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए। आयोजन में पहुंचे श्रद्धालुओं के लिए बालभोग एवं अन्न महाप्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई थी। पूरे दिन मंदिर परिसर में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अधिकमास को पुरुषोत्तम मास कहा जाता है, जो भगवान विष्णु और श्रीकृष्ण की आराधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है। इस माह में जप, तप, दान, व्रत, हरिनाम संकीर्तन, गीता पाठ और भक्ति साधना का विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि पुरुषोत्तम मास में किए गए शुभ कार्यों से जीवन में सुख, शांति और आध्यात्मिक उन्नति प्राप्त होती है। इसी कारण श्रद्धालु इस पूरे माह में पूजा-पाठ, सत्संग और धार्मिक अनुष्ठानों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।


