शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// आबकारी नियंत्रण कक्ष बरमकेला और थाना बरमकेला से लगे ग्राम खिचरी में अवैध शराब बिक्री को लेकर ग्रामीण महिलाओं में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। गांव में लंबे समय से खुलेआम अवैध शराब बिकने की शिकायतों के बीच सैकड़ों महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं और गांव में चल रहे इस कारोबार पर रोक लगाने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।
महिलाओं का आरोप है कि गांव में अवैध शराब की बिक्री खुलेआम हो रही है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा। ग्रामीणों का कहना है कि या तो इस कारोबार को जानबूझकर नियंत्रित नहीं किया जा रहा, या फिर सब कुछ जानते हुए भी संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मूक दर्शक बने हुए हैं। यही वजह है कि गांव का माहौल लगातार बिगड़ता जा रहा है।
ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि शराबखोरी के कारण परिवारों में विवाद बढ़ रहे हैं और महिलाओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसका असर बच्चों और युवाओं पर भी पड़ रहा है, जिससे गांव का सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है। महिलाओं ने कहा कि अब हालात ऐसे हो गए हैं कि गांव में शांति और पारिवारिक माहौल बनाए रखना मुश्किल होता जा रहा है।
ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से गांव में शराबबंदी लागू करने की बात कही और शराब बेचने वाले लोगों से भी अपील की कि वे गांव के फैसले का सम्मान करते हुए शराब बनाना और बेचना बंद करें। साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि अवैध कारोबार जारी रहा तो कानूनी कार्रवाई भी कराई जाएगी। इस मामले में डिप्टी कलेक्टर विजय राणा ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि ज्ञापन संबंधित विभाग को भेजकर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।


