खबर का असर : भाजपा लोगो हटते ही खत्म हुआ धरना, ग्राम पंचायत बार के शेड विवाद पर प्रशासन की कार्रवाई..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// ग्राम पंचायत बार में सरकारी शेड पर भाजपा का लोगो लगाए जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिरकार प्रशासनिक कार्रवाई के बाद शांत हो गया। जनपद पंचायत बरमकेला अंतर्गत बड़ईक मोहल्ला में शासकीय मद से बने शेड पर राजनीतिक चिन्ह लगाए जाने से गरमाया मामला खबर सामने आने के बाद और भी चर्चा में आ गया था। वहीं अब लोगो हटाए जाने के बाद वार्ड पंच ने अपना धरना समाप्त कर दिया है।

Join WhatsApp Group Click Here

प्राप्त जानकारी के अनुसार म. क्षे. आ. वि. प्राधिकरण मद से करीब 10 लाख रुपये की लागत से निर्मित शेड में भाजपा का लोगो लगाए जाने पर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने आपत्ति जताई थी। लोगों का कहना था कि जब निर्माण शासकीय राशि से कराया गया है, तो उसमें किसी राजनीतिक दल का चिन्ह या प्रचारात्मक पहचान नहीं होनी चाहिए। मामले को लेकर वार्ड क्रमांक 10 के पंच खेमराज नायक ने लिखित शिकायत कर कार्रवाई की मांग की थी।

कार्रवाई नहीं होने से नाराज पंच खेमराज नायक धरने पर बैठ गए थे और रातभर प्रदर्शन जारी रहा। गांव में इस मुद्दे को लेकर माहौल गर्म बना रहा तथा लोग प्रशासन के फैसले का इंतजार करते रहे। मामला सामने आने के बाद जनपद पंचायत बरमकेला के सीईओ अजय पटेल ने सरपंच को लोगो हटाने के निर्देश दिए थे।

बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह करीब 9 बजे ग्राम पंचायत के सरपंच द्वारा शेड से भाजपा लोगो हटाने की कार्रवाई की गई। इसके बाद रातभर धरने पर बैठे पंच खेमराज नायक ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी निर्माण कार्यों को राजनीतिक पहचान से दूर रखा जाना चाहिए। फिलहाल ग्राम पंचायत बार का यह मामला प्रशासनिक हस्तक्षेप और जनदबाव के बाद शांत होता नजर आ रहा है, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने सरकारी निर्माण कार्यों में राजनीतिक प्रतीकों के इस्तेमाल को लेकर नई बहस जरूर छेड़ दी है।

Scroll to Top