अट्ठारहगढ़ फुलमाली समाज का मेधावी छात्र सम्मान एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम संपन्न, 93 विद्यार्थियों का हुआ सम्मान..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// शिक्षा और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को प्रोत्साहित करने की दिशा में अट्ठारहगढ़ फुलमाली समाज छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित मेधावी छात्र सम्मान एवं करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम रविवार को सरिया स्थित मंगल भवन में उत्साह और गरिमामय माहौल के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के साथ-साथ युवाओं को करियर से जुड़ा मार्गदर्शन भी दिया गया।

Join WhatsApp Group Click Here

इस समारोह में 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले कुल 93 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों की मेहनत को पहचान देना और अन्य बच्चों को भी शिक्षा के प्रति प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाज के सभापति परसराम पटेल उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सक्ती के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) वासु जैन, सेवानिवृत्त पुलिस महानिरीक्षक CID छत्तीसगढ़ सुशील द्विवेदी तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष स्वप्निल स्वर्णकार शामिल हुए। अतिथियों ने विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए शिक्षा को सफलता की सबसे मजबूत नींव बताया और युवाओं को लक्ष्य तय कर मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

चौथे वर्ष लगातार हुआ आयोजन

यह आयोजन अट्ठारहगढ़ फुलमाली समाज के प्रदेश अध्यक्ष लंबोदर पटेल के नेतृत्व में लगातार चौथे वर्ष आयोजित किया गया। समाज द्वारा शिक्षा को बढ़ावा देने और युवाओं को सही दिशा देने के प्रयास की लोगों ने सराहना की। कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, अभिभावक और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

करियर मार्गदर्शन से युवाओं को मिली नई दिशा

सम्मान समारोह के साथ आयोजित करियर मार्गदर्शन सत्र कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, प्रशासनिक सेवाओं, तकनीकी शिक्षा और रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण और छोटे शहरों के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत केवल सही मार्गदर्शन और आत्मविश्वास की होती है।

कार्यक्रम के अंत में समाज के पदाधिकारियों ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। समाज के लोगों ने उम्मीद जताई कि ऐसे आयोजन आगे भी जारी रहेंगे और शिक्षा के क्षेत्र में नई पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते रहेंगे।

Scroll to Top