24 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा: प्रेम संबंध बना हत्या की वजह, आरोपी गिरफ्तार..

शेयर करें...

मुंगेली// फास्टरपुर-सेतगंगा थाना क्षेत्र में हुए एक अंधे कत्ल के मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूरा मामला एक महिला की हत्या से जुड़ा है, जिसका शव 13 अप्रैल को गाड़ाघाट के पास पगडंडी मार्ग में मिला था। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और जल्द ही इस सनसनीखेज हत्या का पर्दाफाश कर दिया।

Join WhatsApp Group Click Here

जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ और मुखबिर की सूचना के आधार पर संदेही लालाराम यादव को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसका मृतिका के साथ प्रेम संबंध था। मृतिका द्वारा लगातार साथ रहने और पत्नी बनाकर घर ले जाने के दबाव से परेशान होकर उसने 12 अप्रैल को उसे मिलने बुलाया और गाड़ाघाट के पास ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश में मृतिका का मोबाइल ग्राम छटन के तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मोबाइल और घटना में प्रयुक्त एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ थाना फास्टरपुर-सेतगंगा में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लक्ष्मण खुंटे, सहायक उप निरीक्षक विजय बंजारा, आरक्षक पारसमणी भास्कर, जितेन्द्र खाण्डेकर, तीजराम यादव सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भरोसा और मजबूत हुआ है।

Scroll to Top