शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत भटगांव पुलिस ने पशु तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान 37 मवेशियों के साथ 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
मामले की शुरुआत तब हुई जब रायगढ़ रोड निवासी प्रियव्रत स्वर्णकार ने थाना भटगांव में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 13 अप्रैल को जमगहन पेट्रोल पंप के पास कुछ लोग बड़ी संख्या में बैलों को पैदल हांकते हुए ले जा रहे थे। शक होने पर पूछताछ करने पर आरोपियों ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया और उनके पास मवेशियों की खरीद-बिक्री से जुड़े कोई वैध दस्तावेज भी नहीं पाए गए।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए डुमलाल साहू, फुलेश्वर बंजारे, सीताराम पटेल और नीलमणी साहू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बिलासपुर जिले के जोंधरा बाजार से मवेशी खरीदकर गिरसा बाजार ले जा रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि इन मवेशियों को अवैध रूप से कत्लखाने तक पहुंचाने की तैयारी थी।
भटगांव पुलिस ने सभी 37 बैलों को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर उप जेल सारंगढ़ भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर आगे भी सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।


