शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// जुआ-सट्टे पर रोकथाम के लिए चल रही कार्रवाई के तहत एएनटीएफ टीम और सिटी कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए सट्टा पट्टी लेते एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल और 2200 रुपये नकद जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक सारंगढ़ के पुष्प वाटिका के पास मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए सट्टा पट्टी लिख रहा है। सूचना मिलते ही एएनटीएफ टीम और थाना स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
मोबाइल में चल रहा था सट्टे का काम
पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर युवक ने अपना नाम रमन निषाद, पिता राजकुमार निषाद, उम्र 22 वर्ष, निवासी फुलझरिया पारा, सारंगढ़ बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और 2200 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने जब्त सामान को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 483/2026 में छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 6 और 7 के तहत मामला दर्ज किया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र कुमार पटेल और एसडीओपी गोविंद सिंह दीवान के निर्देशन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रमोद यादव, प्रधान आरक्षक अर्जुन पटेल, वीरेंद्र ठाकुर, आरक्षक कृष्ण डनसेना, पुरुषोत्तम राठौर, गौतम जांगड़े सहित थाना स्टाफ की प्रमुख भूमिका रही।


