कूलर का कनेक्शन करते समय युवक को लगा करंट, अस्पताल में हुई मौत, गांव में पसरा मातम..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के सरिया तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचधार लिप्तीपारा में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में कूलर का कनेक्शन जोड़ते समय एक युवक करंट की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Join WhatsApp Group Click Here

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम पंचधार लिप्तीपारा निवासी गगन बारीक पिता स्व. सुशील बारीक उम्र 42 वर्ष शनिवार सुबह करीब 10 बजे घर में कूलर चलाने के लिए बोर्ड से बिजली कनेक्शन जोड़ रहा था। इसी दौरान अचानक उसे तेज करंट लग गया। करंट लगते ही वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।

घटना देखकर घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तुरंत उसे संभाला और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरिया लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन हालत लगातार बिगड़ती चली गई। कुछ देर बाद डॉक्टरों ने गगन बारीक को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया और आगे की जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि गगन बारीक अपने परिवार का सहारा था। अचानक हुई इस घटना से परिवार पूरी तरह टूट गया है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गगन बारीक मेहनतकश और मिलनसार स्वभाव का व्यक्ति था। उसकी अचानक मौत से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। घटना के बाद पंचधार समेत आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई है। गांव के लोग भी बड़ी संख्या में मृतक के घर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं।

Scroll to Top