शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया नगर में एक मसाला दुकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर दुकान की पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और जीरा, तिल समेत मसाले चोरी कर फरार हो गए। मामले की शिकायत पर सरिया पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी मुकेश कुमार अग्रवाल पिता प्रेमचंद अग्रवाल उम्र 46 वर्ष मूल रूप से ग्राम भुक्ता थाना अम्बाभौना जिला बरगढ़ (उड़ीसा) के रहने वाले हैं और वर्तमान में वार्ड क्रमांक 11 सरिया में निवास करते हैं। उनकी सरिया के बस्ती रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास मुकेश मसाला नाम से दुकान संचालित है।
बताया गया कि 12 मई 2026 की रात करीब 8 बजे मुकेश अग्रवाल दुकान बंद कर घर चले गए थे। उनकी पत्नी अनिता अग्रवाल की तबीयत खराब होने के कारण वे रायपुर चले गए थे। इसके बाद 15 मई की सुबह करीब 9 बजे जब वे दुकान खोलने पहुंचे तो दुकान के पीछे की खिड़की टूटी हुई मिली। अंदर जाकर देखा तो चोर पीछे के रास्ते से दुकान में घुसकर सामान चोरी कर ले गए थे।
चोरी हुए सामान में 4 बोरी जीरा शामिल है, जिसमें एक-एक किलो के 30-30 पैकेट भरे हुए थे। इसकी कीमत करीब 19 हजार 200 रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक बोरी तिल कीमत 2500 रुपये तथा भारत मिट मसाला के दो कार्टून, जिनमें 42 पैकेट रखे थे, भी चोरी हो गए। कुल चोरी हुए सामान की कीमत 24 हजार 200 रुपये बताई गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद सरिया पुलिस ने मौके की जानकारी लेकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 331(4) और 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।



You must be logged in to post a comment.