शेयर करें...
बिलासपुर// बिलासपुर में शादी का झांसा देकर महिला का शारीरिक शोषण करने और करीब 22 लाख रुपये ठगने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पति की मौत के बाद युवक ने महिला को शादी करने और उसके तीनों बच्चों को अपनाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद बीमा और बैंक खातों से लाखों रुपये निकलवा लिए। रकम लेने के बाद आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो गया था। पुलिस ने उसे दुर्ग जिले के धमधा से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक ये पूरा मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक पीड़िता धनेश्वरी ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि उसके पति की मौत सितंबर 2025 में हो गई थी। इसके बाद पूर्व परिचित मनोज कुमार यादव (30), निवासी धनगांव, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा, उसके संपर्क में आया। आरोप है कि मनोज ने महिला से शादी करने और उसके तीनों बच्चों को अपनाने का वादा किया। महिला उसके भरोसे में आ गई। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने पामगढ़ में मकान खरीदने और अन्य जरूरतों का हवाला देकर महिला से पैसे मांगे। उसने बीमा और बैंक खातों से नकद व PhonePe के माध्यम से करीब 20 से 22 लाख रुपये ले लिए। आरोप है कि रकम मिलने के बाद मनोज ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और महिला से शादी करने से मुकर गया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। जांच के दौरान उसकी लोकेशन दुर्ग जिले के धमधा में मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने महिला से प्राप्त रकम अपने और परिवार के खर्चों, सोने के जेवर छुड़ाने और निजी जरूरतों पर खर्च करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लेनदेन में इस्तेमाल बैंक एटीएम कार्ड, ऋण संबंधी कागजात और Vivo कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। सरकंडा थाने में अपराध क्रमांक 1213/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 और 318(4) में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले की आगे जांच जारी है।


