शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// बरमकेला विकासखंड और सरिया तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचधार से विजयपुर तक जाने वाली PMGSY सड़क के किनारे उगी लंबी-लंबी झाड़ियां अब राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन गई हैं। सड़क किनारे झाड़ियों का फैलाव इतना बढ़ गया है कि सामने से आने वाले वाहन कई जगह दिखाई नहीं देते। ऐसे में वाहन चालकों को आमने-सामने की टक्कर और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के अनुसार, इस मार्ग पर पहले भी एक-दो बार दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद झाड़ियों की पूरी सफाई नहीं होने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।

झाड़ियों के कारण हादसों का खतरा, जहरीले जीवों का भी डर
सड़क किनारे उगी झाड़ियां केवल रास्ते की सुंदरता खराब नहीं कर रहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन रही हैं। मोड़ और संकरे हिस्सों में झाड़ियों के कारण सामने से आने वाले वाहन समय पर दिखाई नहीं देते। इससे दोपहिया वाहन चालकों और अन्य राहगीरों को विशेष परेशानी होती है। इसके अलावा झाड़ियों में जहरीले सांप और दूसरे खतरनाक जीव छिपे रहने का डर भी बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सफाई नहीं कराई गई, तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
सीएम हेल्पलाइन में शिकायत, फिर भी सफाई का इंतजार
सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई नहीं होने से परेशान विजयपुर निवासी ग्रामीण गोपाल चौहान ने इस संबंध में सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों की मांग है कि पूरे मार्ग के दोनों ओर उगी झाड़ियों की व्यवस्थित सफाई कराई जाए, ताकि वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहन साफ दिखाई दें और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो। सवाल यह भी है कि जब सड़क पर लोगों की आवाजाही लगातार बनी रहती है, तो संबंधित विभाग ने समय रहते सफाई क्यों नहीं कराई?

4.5 किलोमीटर सड़क में 100 मीटर सफाई और खानापूर्ति
ग्रामीणों के अनुसार, कुछ दिन पहले इसी सड़क पर सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की गई। करीब 4.5 किलोमीटर लंबे मार्ग में महज 100 मीटर हिस्से की सफाई की गई और सड़क किनारे लगे कुछ स्टोन्स पर रंग-रोगन भी कर दिया गया। बाकी सड़क पर झाड़ियां जस की तस बनी हुई हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी कम सफाई से पूरे मार्ग की समस्या कैसे दूर होगी? ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि काम को कागजों में पूरा दिखाने के लिए सीमित हिस्से में सफाई कर फोटो खींचे गए होंगे।
रखरखाव के लिए राशि, फिर भी ग्रामीणों को परेशानी
PMGSY सड़कों के निर्माण के बाद उनके रखरखाव के लिए शासन की ओर से हर साल राशि जारी किए जाने की बात कही जाती है। इसके बावजूद यदि सड़क किनारे झाड़ियां बढ़ती रहें और सफाई नहीं हो, तो रखरखाव के काम पर सवाल उठना स्वाभाविक है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित विभाग की उदासीनता के कारण उन्हें रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। अब देखना होगा कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायत के बाद विभाग इस समस्या को गंभीरता से लेता है या फिर ग्रामीणों को इसी तरह दुर्घटना के खतरे के बीच सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।



You must be logged in to post a comment.