शेयर करें...
मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के निर्देशन में संचालित “पहल अभियान : बदलाव की शुरुआत सुरक्षा के साथ” के अंतर्गत नगर पालिका स्कूल मुंगेली एवं आगर स्कूल मुंगेली में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से कुल 417 विद्यार्थियों को यातायात सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, नशा मुक्ति तथा बच्चों एवं महिलाओं से संबंधित कानूनों की महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बताया गया कि सड़क सुरक्षा के लिए यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना कानूनन अपराध है। साथ ही शराब पीकर वाहन न चलाने, हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
साइबर सुरक्षा सत्र में विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, लिंक और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले साइबर अपराधों से सतर्क रहने की जानकारी दी गई। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके अलावा नशा मुक्त एवं स्वस्थ जीवन का संदेश देते हुए विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया गया तथा संबंधित सहायता के लिए 1931 हेल्पलाइन की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े कानूनों, विशेषकर पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को समझाया गया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों के साथ यौन उत्पीड़न, शोषण एवं पोर्नोग्राफी जैसे अपराध गंभीर अपराध हैं। साथ ही ऑनलाइन अश्लील सामग्री, सोशल मीडिया पर आने वाले संदिग्ध संदेशों और अनजान लोगों से सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
पुलिस विभाग ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार तथा समाज को भी सुरक्षा, कानून पालन और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें। यह अभियान युवाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।


