शेयर करें...
जशपुर// जिले के कांसाबेल थाना क्षेत्र के बरजोर में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। फरसाबहार से अंबिकापुर जा रही यात्री बस तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा कई अन्य यात्रियों को भी मामूली चोटें आई हैं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांसाबेल ले जाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल यात्रियों का उपचार जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस काफी तेज रफ्तार से चल रही थी, इसी बीच चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
इधर, दुर्घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।