शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया नगर पंचायत में गुरुवार 14 मई 2026 को आयोजित सुशासन तिहार शिविर में लोगों को प्रशासनिक सेवाओं का सीधा लाभ मिला। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों और हितग्राहियों के कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जिससे लोगों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी।

किसानों को मिली डिजिटल किसान किताब
शिविर में राजस्व विभाग द्वारा किसानों को राहत देते हुए 5 किसानों को नामांतरण के बाद डिजिटल किसान किताब और फौती उपरांत बी-1 की प्रतियां प्रदान की गईं। दस्तावेज हाथों-हाथ मिलने से किसानों ने खुशी जताई और कहा कि अब उन्हें छोटे-छोटे कामों के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
13 आवेदनों में 4 का मौके पर निराकरण
राजस्व विभाग को शिविर में कुल 13 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से 4 आवेदनों का तत्काल निराकरण करते हुए हितग्राहियों को मंच से ही प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इसमें 2 आय प्रमाण पत्र, 1 निवास प्रमाण पत्र और 1 जाति प्रमाण पत्र शामिल हैं।अधिकारियों ने बताया कि बाकी आवेदनों का भी नियमानुसार तय समय सीमा के भीतर निराकरण किया जाएगा।
हितग्राहियों ने जताया आभार
मंच से प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन का आभार जताया। लोगों ने कहा कि पहले ऐसे प्रमाण पत्र बनवाने में कई दिन लग जाते थे, लेकिन शिविर में तत्काल सुविधा मिलने से काफी राहत मिली है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्राही, नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष अरुण शराफ, तहसीलदार कोमल प्रसाद साहू, नगर पंचायत सीएमओ लाल सिंह मरकाम सहित पार्षदगण और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
शिविर के दौरान लोगों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। प्रशासन का कहना है कि सुशासन तिहार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचाना है।



You must be logged in to post a comment.