धरती का रहस्य; खेत के बीच अचानक धंसी जमीन, 15 फीट चौड़े विशाल गड्ढे से मचा हड़कंप…

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के सारंगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम डोमाडीह और झिलगीटार के बीच स्थित एक खेत में सोमवार सुबह अचानक जमीन धंसने से करीब 10 फीट गहरा और 15 फीट चौड़ा विशाल गड्ढा बन गया। इस रहस्यमयी घटना से ग्रामीणों में दहशत और कौतूहल का माहौल है। देखते ही देखते घटनास्थल पर आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए।

Join WhatsApp Group Click Here

जानकारी के अनुसार, सुबह जब किसान रोज की तरह खेत पहुंचे तो उन्होंने देखा कि समतल खेत का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस चुका है। कुछ ही घंटों पहले तक जहां सामान्य खेत था, वहां अब गोलाकार विशाल गड्ढा दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि रात के समय कोई व्यक्ति या मवेशी वहां से गुजरता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गड्ढे के आसपास की मिट्टी भी दरकती नजर आ रही है, जिससे क्षेत्र में और अधिक धंसाव की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगे। बताया जा रहा है कि यह खेत झिलगीटार निवासी किसान का है, जहां पहले कभी इस तरह की घटना नहीं हुई थी। फिलहाल प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से धंसाव के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

ग्रामीणों का अनुमान है कि जमीन के भीतर खाली स्थान, पानी के रिसाव या अन्य प्राकृतिक कारणों से यह धंसाव हुआ हो सकता है। हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। ग्राम पंचायत डोमाडीह के सरपंच रूपेश चौहान ने बताया कि सुबह करीब 7 से 8 बजे के बीच घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद तत्काल पुलिस और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई। उन्होंने प्रशासन से पूरे क्षेत्र का सर्वे कराकर जांच कराने तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कराने की मांग की है।

फिलहाल यह रहस्यमयी घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीण प्रशासन से शीघ्र जांच कर वास्तविक कारणों का खुलासा करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।

Scroll to Top