शेयर करें...
रायगढ़// बाल दिवस के अवसर पर पुसौर विकासखंड के संकुल केंद्र बड़े भण्डार अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला तुपकधार में संकुल स्तरीय बाल दिवस मेले का आयोजन बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। बच्चों की हंसी, उमंग और रंग-बिरंगी गतिविधियों से पूरा विद्यालय परिसर उत्सव के माहौल में सराबोर रहा। मेले में बच्चों ने रंगोली, खेलकूद, लोकगीत और नृत्य सहित विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का आयोजन संकुल शैक्षिक समन्वयक सुदर्शन सिदार के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर महिला शिक्षकों ने बच्चों का तिलक-वंदन कर एवं माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
रंगोली और मनोरंजक खेलों ने बच्चों में भरा उत्साह
बाल दिवस मेले में बच्चों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें रंगोली प्रतियोगिता, कुर्सी दौड़, जलेबी दौड़ और मटका फोड़ जैसे मनोरंजक खेल प्रमुख रहे। बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लिया।
रंगोली प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मकता का परिचय देते हुए आकर्षक रंगोलियां बनाई, जिन्होंने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं बच्चों ने ‘बच्चे मन के सच्चे, नफरत नहीं करते किसी से’ जैसे संदेशों के माध्यम से बाल मन की भावनाओं को भी खूबसूरती से अभिव्यक्त किया।
लोकगीत और नृत्य ने बांधा समां
कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चों ने पारंपरिक लोकगीत और संगीत की धुन पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों की प्रस्तुतियों में छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की झलक देखने को मिली। उनकी मासूम अदाओं और उत्साहपूर्ण प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी यादगार बना दिया।
सामूहिक न्यौता भोज से दिया आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण संकुल के सभी शिक्षकों द्वारा आयोजित सामूहिक न्यौता भोज रहा। इसमें बच्चों और उपस्थित सदस्यों ने मिलकर भोजन किया। इस पहल के माध्यम से आपसी प्रेम, भाईचारे, समानता और सामूहिक सहभागिता का सुंदर संदेश दिया गया।
इस अवसर पर शिक्षकों एवं अतिथियों ने स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन और विचारों पर प्रकाश डालते हुए बच्चों को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उन्हें अच्छी शिक्षा, प्रेम और समान अवसर देकर उनके सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करना हम सभी की जिम्मेदारी है।
शिक्षकों के सामूहिक प्रयास से सफल हुआ आयोजन
बाल दिवस मेले के सफल आयोजन में संकुल केंद्र बड़े भण्डार के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का सफल संचालन प्रधान पाठक रविशंकर भारद्वाज एवं शिक्षक एलबी मोहन सतपति ने किया। कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी शिक्षक एस. कुमार सारथी एवं भुवनेश्वर सिदार द्वारा दी गई।
संकुल स्तरीय इस आयोजन ने बच्चों को न केवल अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया, बल्कि खेल, रचनात्मक गतिविधियों और सामूहिक सहभागिता के माध्यम से सीखने और खुशियां बांटने का भी यादगार अनुभव प्रदान किया।


