शराब पीने की बात पर भड़का बेटा, टंगिया से वार कर पिता की हत्या, मां के साथ सरपंच के घर शिकायत करने जा रहा था पिता, रास्ते में घेरकर उतारा मौत के घाट..

शेयर करें...

रायगढ़// रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रानीसागर में पारिवारिक विवाद के दौरान बेटे ने अपने ही पिता की टंगिया से वार कर हत्या कर दी। बताया गया कि बेटा शराब के नशे में घर पहुंचा था। शराब पीने की बात पर पिता ने उसे समझाइश दी, जिससे नाराज होकर उसने पहले घर में मारपीट की। इसके बाद जब पिता अपनी पत्नी के साथ मामले की शिकायत करने सरपंच के घर जा रहे थे, तभी आरोपी बेटे ने रास्ते में टंगिया से हमला कर उनकी जान ले ली। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

Join WhatsApp Group Click Here

शराब पीकर घर पहुंचने पर पिता ने लगाई थी फटकार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 नवंबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे ग्राम रानीसागर में परिवार के सभी सदस्य घर पर मौजूद थे। इसी दौरान धरम उर्फ श्रवण गिरी (65 वर्ष) का बेटा राजकुमार गिरी (36 वर्ष) शराब के नशे में घर पहुंचा। इस पर पिता ने उसे समझाइश देते हुए कहा कि आज पूजा-पाठ का दिन है और घर चलाने के लिए पैसे नहीं होने के बावजूद वह रोज शराब पीकर घर आ जाता है। इसी बात को लेकर राजकुमार गिरी आक्रोशित हो गया और अपने पिता के साथ मारपीट करने लगा।

सरपंच के घर शिकायत करने निकले माता-पिता, रास्ते में टंगिया से हमला

घटना के बाद रात करीब 9 बजे श्रवण गिरी अपनी पत्नी के साथ मामले की शिकायत करने सरपंच के घर जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी बेटा राजकुमार टंगिया लेकर पीछे से पहुंचा और सरपंच के घर के गेट के पास उन्हें रोक लिया।

शिकायत करने जाने की बात पर गुस्साए आरोपी ने अपने पिता धरम उर्फ श्रवण गिरी के सिर पर टंगिया से वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से वे जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद भी आरोपी ने उनके सिर और पीठ पर टंगिया से कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

एसडीओपी और फॉरेंसिक टीम ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव, फॉरेंसिक टीम और थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक सीताराम ध्रुव पुलिस स्टाफ के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। मृतक की पत्नी शैलेन्द्र गिरी (62 वर्ष) की रिपोर्ट पर थाना खरसिया में मर्ग कायम किया गया। वहीं आरोपी राजकुमार गिरी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 604/2026, धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

फरार होने की फिराक में था आरोपी, पुलिस ने हिरासत में लिया

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद फरार होने की फिराक में रहे आरोपी राजकुमार गिरी (36 वर्ष) को पुलिस टीम ने हिरासत में ले लिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को शीघ्र न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जाएगा।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने की नशे से दूर रहने की अपील

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने घटना को पारिवारिक विवाद और नशे की लत से जुड़ा दुखद उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि शराब के नशे में आपा खोकर अपने ही पिता की हत्या करना अत्यंत गंभीर और दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने समाज से अपील की कि ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए नशे से दूर रहें, पारिवारिक विवादों को समझदारी और संवाद के माध्यम से सुलझाएं तथा किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लें। उन्होंने बताया कि रायगढ़ पुलिस मामले की गंभीरता से विवेचना कर रही है और आरोपी के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Scroll to Top