शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले के गोमर्डा अभयारण्य क्षेत्र में स्थित लात नाला में पिकनिक मनाने गए 22 वर्षीय युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। दोस्तों के साथ घूमने और पिकनिक मनाने पहुंचे युवक के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया। मंगलवार से शुरू हुई तलाश करीब 14 घंटे तक जारी रही। आखिरकार बुधवार सुबह युवक का शव नाले में एक पेड़ के नीचे गहरे पानी में मिला। स्थानीय ग्रामीण तैराकों ने काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। इस दर्दनाक घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है।
दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचा था युवक
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी कनकबीरा क्षेत्र के ग्राम नरेश नगर के कुछ युवक मंगलवार सुबह गोमर्डा अभयारण्य क्षेत्र के मौहाढोड़ा के पास स्थित लात नाला में पिकनिक मनाने पहुंचे थे। सभी दोस्त वहां मौज-मस्ती कर रहे थे। कुछ युवक नाले में नहा रहे थे, जबकि तीन-चार साथी खाना बनाने में जुटे हुए थे। इसी दौरान राकेश सिदार पिता बृजलाल सिदार (22 वर्ष) भी नहाने के लिए नाले में चला गया। बताया जा रहा है कि खाना बना रहे दोस्तों ने उसे नाले के किनारे स्थित जामुन के पेड़ पर चढ़ते हुए देखा था। हालांकि, वह कब पानी में कूदा और किस परिस्थिति में डूबा, इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी।
खाना खाने के लिए पहुंचे दोस्त तो गायब मिला राकेश
कुछ देर बाद जब सभी दोस्त खाना खाने के लिए एकत्रित हुए तो राकेश वहां मौजूद नहीं था। पहले दोस्तों ने आसपास उसकी तलाश की और आवाज लगाकर खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। काफी देर तक तलाश करने के बाद भी जब राकेश नहीं मिला तो साथी घबराकर गांव पहुंचे और परिजनों तथा ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। परिजनों और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, राकेश मिर्गी की बीमारी से भी पीड़ित था। ऐसे में उसके पानी में डूबने की आशंका को लेकर परिवार की चिंता और बढ़ गई।
रातभर चला तलाश अभियान, सुबह पेड़ के नीचे मिला शव
युवक के लापता होने की खबर मिलते ही ग्रामीणों ने एकजुट होकर तलाश अभियान शुरू कर दिया। मंगलवार से ही लात नाला और आसपास के इलाके में खोजबीन की जाती रही। देर रात तक ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन अंधेरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। इस बीच घटना की सूचना पुलिस चौकी कनकबीरा को भी दी गई।
बुधवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में ग्रामीणों ने एक बार फिर नाले में तलाश शुरू की। इसी दौरान पानी के भीतर एक पेड़ के नीचे गहरे हिस्से में राकेश का शव दिखाई दिया। इसके बाद स्थानीय ग्रामीण तैराकों ने पानी में उतरकर काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। करीब 14 घंटे की तलाश के बाद युवक का शव मिलने से मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सारंगढ़ भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है। महज 22 वर्ष की उम्र में राकेश की इस तरह असमय मौत ने परिवार की खुशियां छीन लीं। जिस पिकनिक पर दोस्त मिलकर खुशियां बांटने पहुंचे थे, वही सफर एक परिवार के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गया। नरेश नगर सहित आसपास के क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक व्याप्त है।


