शेयर करें...
रायपुर// छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से प्यार में मिले धोखे और एक खौफनाक अंत की दर्दनाक दास्तां सामने आई है। सात फेरों और जीवनभर साथ निभाने के झूठे वादों के जाल में फंसी 22 वर्षीय युवती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। युवती का शव एक होटल के बंद कमरे से बरामद हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के कथित प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्यार का फरेब और कवर्धा से धमतरी तक का सफर
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कबीरधाम जिले के कवर्धा की रहने वाली 22 वर्षीय पिंकी मानिकपुरी 24 सितंबर को अचानक धमतरी पहुंची थी। उसने शहर के होटल सीजी-05 के कमरा नंबर 106 में डेरा डाला था। मृतका को इस बात की भनक लग चुकी थी कि उसका तथाकथित प्रेमी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू उसे लगातार धोखा दे रहा है और उसके अन्य लड़कियों से भी अवैध संबंध हैं। इसी सच्चाई का पर्दाफाश करने और अपने रिश्ते की हकीकत जानने के लिए वह कवर्धा से धमतरी आई थी।
शादी से इनकार, मारपीट और खौफनाक कदम
इस प्रेम प्रसंग में उस वक्त खौफनाक मोड़ आया जब 25 सितंबर की शाम आरोपी टिकेश्वर उस होटल के कमरे में पहुंचा। जब युवती ने उससे रिश्ते और शादी की बात को लेकर कड़े सवाल किए, तो आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया।
बात बढ़ने पर आरोपी ने कमरे के भीतर ही उसके साथ जमकर गाली-गलौज और मारपीट की। इस धोखे, अपमान और गहरे मानसिक आघात से युवती अंदर से पूरी तरह टूट गई। आरोपी के वहां से जाने के बाद, उस बेबस युवती ने होटल के उसी कमरे में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मर्ग कायम किया। फॉरेंसिक साक्ष्यों और गहन जांच-पड़ताल के बाद पुलिस ने धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाने) के तहत गंभीर मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी टिकेश्वर उर्फ टिंकू साहू को गिरफ्तार कर लिया और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की आगे की विस्तृत जांच कर रही है।


