SECL की कोयला खदान में गश्त पर निकले CISF के गश्ती दल पर बदमाशों ने किया हमला, जवानों ने बचाव में की फायरिंग, एक बदमाश को लगी गोली..

शेयर करें...

कोरबा/ SECL की कोयला खदान में शुक्रवार देर रात CISF के गश्ती दल पर बदमाशों ने हमला कर दिया। अवैध रूप से दो वाहन लेकर खदान में घुसे बदमाशों ने पहले जवानों की गाड़ी को टक्कर मारी, फिर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। जवानों ने फायरिंग की तो बदमाश भाग निकले। इस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया है। उसे उपचार के लिए बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Join WhatsApp Group Click Here

जानकारी के मुताबिक, कोल इंडिया की सहायक कंपनी साउथ इस्टर्न कोल फील्ड्स लिमिटेड ( SECL) की गेवरा कोयला खदान में शुक्रवार रात करीब 11 बजे CISF के जवान गश्त पर थे। इसी बीच बिना नंबर का एक कैंपर वाहन दिखाई दिया। इस पर जवानों ने उसका पीछा किया तो वह तेजी से भागना शुरू हो गया। इस बीच CISF जवानों के पीछे एक और वाहन आ गया और उनकी गाड़ी को टक्कर मारना शुरू कर दिया।

हवाई फायर करने पर भी वाहन सवार बदमाश करते रहे हमला :-

इस पर CISF SI उदय कुमार ने पीछे वाले वाहन की ओर हवाई फायर किया, तो उसमें बैठे बदमाशों ने लोहे की रॉड निकाल ली और गश्ती दल पर हमला करना शुरू कर दिया। इसके बाद SI उदय कुमार ने 3 फायर और किए, लेकिन गश्ती दल पर दोनों वाहनों से हमला जारी रहा। ऐसे में जान बचाने के लिए CISF इंस्पेक्टर अभय कुमार ने सामने वाले वाहन पर दो फायर किए। जिसके बाद दोनों गाड़ियों में सवार बदमाश अलग-अलग दिशा में भाग निकले।

वही CISF की ओर से पूरी घटना को लेकर दीपका थाने में FIR दर्ज कराई गई है। वहीं CISF की ओर से बताया गया है कि बिलासपुर के सरकंडा थाने से सूचना मिली है कि कोरबा के पाली निवासी सालिक राम वहां के अपोलो अस्पताल में भर्ती है। उसे गोली लगी है। साथ ही उसने अपने बयान में बताया है कि खदान में गाड़ी लेकर घुसने पर CISF जवानों ने उसे गोली मारी है। फिलहाल उससे पूछताछ के लिए टीम भेजी गई है।

Scroll to Top