सरपंच संगीता विरेन्द्र पटेल ने निभाया वादा, बुजुर्गों को निशुल्क रामलला दर्शन के लिए किया रवाना..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// सरिया तहसील के ग्राम पंचायत नौघटा में सरपंच संगीता वीरेंद्र पटेल ने अपने चुनावी वादे को निभाते हुए एक सराहनीय पहल की है। उन्होंने गांव के बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों को अयोध्या धाम में रामलला के दर्शन के लिए निशुल्क यात्रा पर रवाना किया। इस दौरान पूरे गांव में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

Join WhatsApp Group Click Here

यात्रा रवाना करने से पहले सरपंच ने सभी श्रद्धालुओं को चंदन तिलक लगाकर उनका सम्मान किया और पैर छूकर आशीर्वाद लिया। यह दृश्य गांव के लोगों के लिए काफी भावुक और प्रेरणादायक रहा। ग्रामीणों ने इस पहल की खुले दिल से सराहना करते हुए इसे एक मिसाल बताया।

बताया जा रहा है कि यह पहल सरपंच द्वारा चुनाव के दौरान घोषित 9 गारंटियों में शामिल थी। अब इस वादे को पूरा कर उन्होंने यह संदेश दिया है कि जनप्रतिनिधि यदि इच्छाशक्ति रखें तो वादों को जमीन पर उतारा जा सकता है। बुजुर्गों को धार्मिक यात्रा से जोड़ने की इस पहल ने पूरे क्षेत्र में सकारात्मक चर्चा पैदा कर दी है।

ग्रामीणों के अनुसार सरपंच संगीता पटेल के नेतृत्व में नौघटा पंचायत लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है। सड़क, पानी, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ सामाजिक और धार्मिक गतिविधियों पर भी ध्यान दिया जा रहा है, जिससे गांव में एक नया माहौल बन रहा है।

Scroll to Top