आदर्श और अपराधमुक्त गांव बनाने सरिया पुलिस की पहल, बुदबुदा में लगी साइबर चौपाल, गांव वालों को ऑनलाइन ठगी से किया सतर्क..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराध के बढ़ते मामलों को देखते हुए सरिया पुलिस गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रही है। इसी के तहत मिशन पहल अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत बुदबुदा में साइबर जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड, मोबाइल ठगी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया धोखाधड़ी और ऑनलाइन बैंकिंग से जुड़े अपराधों की जानकारी सरल भाषा में दी गई।

Join WhatsApp Group Click Here

कार्यक्रम में थाना प्रभारी एन एल राठिया ने कहा कि पुलिस सिर्फ अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के लिए नहीं है, बल्कि लोगों को पहले से जागरूक करना भी पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि “हमारा थाना – हमारा पुलिस” अभियान का उद्देश्य पुलिस और आम लोगों के बीच भरोसा बढ़ाना और गांवों को अपराधमुक्त बनाना है। उन्होंने ग्रामीणों से बुदबुदा को आदर्श और नशामुक्त गांव बनाने की अपील की।

कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के साथ बातचीत से हुई। थाना प्रभारी ने गांव के बच्चों से उनके नाम और भविष्य में क्या बनना चाहते हैं, यह पूछा। बच्चों ने डॉक्टर, इंजीनियर, पुलिस, नर्स समेत कई बड़े सपने बताए। बच्चों की बात सुनकर थाना प्रभारी ने उन्हें चॉकलेट देकर प्रोत्साहित किया और कहा कि शिक्षा ही जीवन बदलने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील की।

कार्यक्रम में नशामुक्ति पर भी चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने शराब और अन्य नशे से होने वाले नुकसान के बारे में बताते हुए युवाओं को इससे दूर रहने की सलाह दी।इसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लोगों को बताया गया कि अनजान मोबाइल नंबर से आने वाले कॉल, लिंक और मैसेज पर भरोसा न करें। किसी भी हालत में ओटीपी, बैंक डिटेल, एटीएम नंबर या निजी दस्तावेज किसी से साझा न करें।

पुलिस ने खास तौर पर प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर हो रही ठगी के बारे में लोगों को सावधान किया। थाना प्रभारी ने बताया कि कई साइबर ठग सरकारी योजना का लाभ दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे मांगते हैं। ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना देने की अपील की गई।

ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस जैसे जरूरी दस्तावेज सोशल मीडिया या अनजान लोगों के साथ साझा करना खतरनाक हो सकता है। साइबर अपराधी इनका गलत इस्तेमाल कर सकते हैं। लोगों को किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने और नजदीकी थाना में शिकायत करने की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी एन एल राठिया, एएसआई एम एल डनसेना, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र सिदार, आरक्षक अमृत केंवट, महिला आरक्षक प्रीति खड़िया, साइबर टीम और थाना स्टाफ मौजूद रहे। इसके अलावा पत्रकार हेमन्त पटेल, बुदबुदा सरपंच प्रतिनिधि बबलू पटेल, पंचधार व बरपाली के सरपंच, गांव के वरिष्ठ नागरिक, युवा नेता राजकुमार पाव, नावापारा छोटे के जनप्रतिनिधि, मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिलाएं, बच्चे और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Scroll to Top