शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// नगर पंचायत बरमकेला कार्यालय में नमस्ते दिवस के अवसर पर सफाई कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया और उनके स्वास्थ्य की जांच भी कराई गई।
नगर पंचायत प्रशासन ने बताया कि सफाई कर्मचारी और स्वच्छता दीदियां नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उनके योगदान को सम्मान देने और उनका उत्साह बढ़ाने के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत बरमकेला के मुख्य नगर पालिका अधिकारी दीपक विश्वकर्मा ने कहा कि स्वच्छता से जुड़े कर्मचारियों की मेहनत से ही नगर में साफ-सफाई की व्यवस्था बेहतर बनी रहती है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को आगे भी इसी तरह जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर सालिकराम नायक (पूर्व अध्यक्ष प्रतिनिधि नगर पंचायत बरमकेला), मनोहर नायक (प्रतिनिधि अध्यक्ष नगर पंचायत बरमकेला), राजू नायक (पार्षद) सहित नगर पंचायत के कर्मचारी और बड़ी संख्या में सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी सफाई कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों का स्वास्थ्य परीक्षण भी कराया गया, ताकि उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जा सके। नगर पंचायत द्वारा किए गए इस सम्मान कार्यक्रम की कर्मचारियों ने सराहना की और इसे उनके मनोबल बढ़ाने वाला कदम बताया।


