शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिला पंचायत सभागार में सोमवार को नवपदस्थ मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ऋषिकेश तिवारी के स्वागत एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका आत्मीय स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बेहतर समन्वय से जिले के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि ऋषिकेश तिवारी अपने अनुभव, कार्यकुशलता और प्रशासनिक क्षमता के बल पर जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेंगे।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि ऋषिकेश तिवारी पूर्व में सारंगढ़ जनपद पंचायत में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। क्षेत्र की भौगोलिक एवं प्रशासनिक जानकारी होने के कारण वे विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ आम नागरिकों तक शासन की योजनाओं का बेहतर लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष ज्योति पटेल, जिला पंचायत के सभी सदस्य, जनपद एवं ग्राम पंचायतों के सचिव, जिला पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने नवपदस्थ सीईओ ऋषिकेश तिवारी का पुष्पगुच्छ एवं शॉल भेंट कर स्वागत किया और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जिले में विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों तक शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा।


