शेयर करें...
रायगढ़// जिले में वन्यजीव शिकार का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शिकारियों ने सांभर का शिकार कर उसके मांस को घरों में पकाकर खाने की तैयारी कर ली थी। जैसे ही इस पूरे घटनाक्रम की सूचना वन विभाग को मिली, टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गांव में दबिश, कई घरों से मिला मांस
मामला रायगढ़ रेंज के देलारी गांव का है। सूचना के आधार पर वन अमला मौके पर पहुंचा और गांव के कई घरों की तलाशी ली। जांच के दौरान आत्माराम, मायराम, हरिषचंद्र साव और तरूण के घर से सांभर का पका हुआ मांस बरामद किया गया। वहीं मोतराम राठिया के घर से जानकारी मिली कि वह मांस को पहले ही पकाकर खा चुका है।
मांस और बर्तन जब्त, आरोपियों ने कबूला जुर्म
वन विभाग की टीम ने मौके से पका हुआ मांस और उपयोग किए गए बर्तनों को जब्त किया। सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर रेंज कार्यालय लाया गया, जहां पूछताछ में उन्होंने सांभर के शिकार और मांस पकाने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद सभी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धाराओं 39, 50 और 51 के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच जारी, सैंपल भेजे जाएंगे लैब
एसडीओ तन्मय कौशिक के अनुसार मुखबिर की सूचना पर यह कार्रवाई की गई। गांव के कई घरों में मांस के अवशेष मिले हैं, जिनका सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेजा जा रहा है। शुरुआती पूछताछ में ग्रामीणों ने जंगल में शिकार करने की बात कबूल की है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है और वन विभाग आगे की कार्रवाई में जुटा हुआ है।


