TET के मुद्दे पर समग्र शिक्षक फेडरेशन ने वित्त मंत्री ओपी चौधरी और राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह को सौंपा ज्ञापन..

शेयर करें...

रायगढ़// शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) को लेकर समग्र शिक्षक फेडरेशन रायगढ़ की टीम ने प्रदेश महामंत्री बिजेंद्र चौहान के नेतृत्व में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी और राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान संगठन ने सेवारत शिक्षकों की TET संबंधी समस्याओं और पदोन्नति के अवसरों को लेकर अपनी मांगें रखीं।

Join WhatsApp Group Click Here

ज्ञापन में फेडरेशन ने कहा कि पूर्व में नियुक्त सेवारत शिक्षकों की नियुक्ति उस समय निर्धारित सभी आवश्यक योग्यताएं पूरी करने के बाद हुई थी। ऐसे में नियुक्ति के बाद लागू किए गए नए नियमों को पूर्व से कार्यरत शिक्षकों के लिए अनिवार्य करना न्यायसंगत नहीं है। संगठन ने मांग की कि छत्तीसगढ़ शासन की ओर से भारत सरकार के समक्ष आवश्यक विधिक संशोधन कर पूर्व नियुक्त शिक्षकों को TET की अनिवार्यता से मुक्त रखने का प्रस्ताव रखा जाए और इसका राजपत्र प्रकाशन कराया जाए।

पदोन्नति से वंचित नहीं करने की मांग

शिक्षकों ने पदोन्नति के मुद्दे को भी प्रमुखता से उठाया। संगठन के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट ने सभी सेवारत शिक्षकों को 31 अगस्त 2028 तक TET उत्तीर्ण करने का समय दिया है और परीक्षा पास करने के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने की बात कही है। ऐसे में 2028 से पहले TET उत्तीर्ण नहीं कर पाने वाले शिक्षकों को पदोन्नति के अवसर से वंचित करना उचित नहीं होगा। फेडरेशन ने इस संबंध में संविधान के अनुच्छेद 14 के समानता के अधिकार और अनुच्छेद 16 के अवसर की समानता का भी हवाला देते हुए पदोन्नति प्रक्रिया में सेवारत शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखने की मांग की।

CGBSE से TET परीक्षा कराने की मांग

ज्ञापन में CG-TET परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) के माध्यम से कराने की मांग भी रखी गई। संगठन ने कहा कि वर्तमान में CG-TET का आयोजन CBSE द्वारा किया जाता है, जबकि छत्तीसगढ़ में CGBSE स्वयं राज्य की बोर्ड परीक्षाओं का संचालन करता है। ऐसे में राज्य में आयोजित होने वाली TET परीक्षा का संचालन CGBSE के माध्यम से कराया जाना चाहिए।

सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह के समक्ष संगठन ने सभी मांगों पर विस्तार से चर्चा की। सांसद ने शिक्षकों की मांगों को शासन के समक्ष रखने और उचित कदम उठाने के लिए भरसक प्रयास करने का आश्वासन दिया। संगठन ने उम्मीद जताई कि सरकार से चर्चा के बाद सेवारत शिक्षकों के हित में सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा।

ज्ञापन सौंपने के दौरान कार्यकारी जिलाध्यक्ष एस कुमार सारथी, विकासखंड अध्यक्ष रायगढ़ निराकार कमलेश बंजारे, जिला उपाध्यक्ष एवं पुसौर अध्यक्ष भुवनेश्वर सिदार, कार्यकारी ब्लॉक अध्यक्ष रायगढ़ चंद्रशेखर पटेल, कार्यकारी ब्लॉक अध्यक्ष पुसौर जीवन सिदार सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे।

इस दौरान विनोद सिदार, धनेश्वर सिदार, सुरेंद्र खरे, दीपक लकड़ा, विजय चौहान, ढोल नारायण चौहान, संतोष भगत, विवेक तिर्की, मनोज तिर्की, जगन्नाथ प्रसाद पाण्डेय, संदीप बाखला, अंगद भगत, अभिषेक लाल, खेम पैकरा, रिंकू गुप्ता, शांति नवनीत, ज्योति कश्यप, सुशीला देवांगन, सिसिलिया तिर्की, संतोषी थवाईत और अंजिलिका लाल सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।

Scroll to Top