शिक्षक दिवस पर एसपी सुनील शर्मा ने संभाली गुरु की भूमिका, अशोका पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा का दिया जीवनोपयोगी पाठ..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// शिक्षक दिवस के अवसर पर अशोका पब्लिक स्कूल, सारंगढ़ में आयोजित विशेष कार्यक्रम में जिले के पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने वर्दी की जिम्मेदारी के साथ गुरु की भूमिका निभाते हुए विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा का महत्वपूर्ण पाठ पढ़ाया। उन्होंने डिजिटल दुनिया में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के आसान और प्रभावी उपाय बताते हुए बच्चों को जागरूक किया।

Join WhatsApp Group Click Here

मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे एसपी शर्मा ने सोशल मीडिया, ऑनलाइन गेमिंग और इंटरनेट के सुरक्षित उपयोग पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी साझा न करें, संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें और किसी भी ऑनलाइन धोखाधड़ी की जानकारी तुरंत अपने अभिभावकों या शिक्षकों को दें।

संवादात्मक अंदाज में बच्चों से बातचीत करते हुए उन्होंने सरल उदाहरणों के माध्यम से साइबर सुरक्षा का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा की जानकारी हर विद्यार्थी के लिए उतनी ही आवश्यक है जितनी किताबों की शिक्षा। उनके प्रेरक संबोधन के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सवाल पूछे, जिनका उन्होंने सहजता से जवाब दिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए एसपी शर्मा के इस जनजागरूकता अभियान की सराहना की। इस अवसर पर एसडीओपी गोविंद दीवान, आरआई जितेन्द्र चंद्रा, स्कूल संचालक राजेश अग्रवाल, अजेश अग्रवाल, प्राचार्य मिश्रा सर, समस्त शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन ने पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक दिवस पर बच्चों को मिला साइबर सुरक्षा का यह पाठ उनके जीवन में लंबे समय तक उपयोगी और प्रेरणादायी साबित होगा।

Scroll to Top