शेयर करें...
रायगढ़// पूंजीपथरा थाना पुलिस ने औद्योगिक प्लांट से रायपुर भेजे जा रहे 38.900 टन लोहे में से करीब 5 टन लोहे के क्वायल की हेराफेरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने रास्ते में ट्रक से दो बंडल क्वायल उतारकर गैरेज में छिपा दिए थे, जिसे वे बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 5 लाख रुपये मूल्य का 5 टन लोहा बरामद कर तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
धर्मकांटा में तौल कराने पर खुली थी हेराफेरी की पोल
पुलिस के अनुसार, गेरवानी स्थित चंद्रहासिनी इस्पात प्राइवेट लिमिटेड के सेल्स एग्जीक्यूटिव अर्पित पाण्डेय ने 22 सितंबर को थाना पूंजीपथरा में शिकायत दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 9 सितंबर को प्लांट से पवन पुत्र ट्यूब्स, रायपुर के लिए वाहन क्रमांक CG10BS7041 में 38.900 टन लोहा लोड कर भेजा गया था। वाहन चालक 11 सितंबर को माल लेकर रायपुर पहुंचा। वहां धर्मकांटा में वजन कराने पर करीब 5 टन लोहा कम पाया गया। इसके बाद चालक ट्रक वहीं छोड़कर फरार हो गया। कंपनी की शिकायत पर पूंजीपथरा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
भाई के लाइसेंस पर चला रहा था ट्रक, गैरेज में छिपाया था माल
विवेचना के दौरान पुलिस ने 30 अक्टूबर को ट्रक चालक मुरली साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में पता चला कि मुरली साहू ने अपने भाई चेतन साहू उर्फ रामजाने को ट्रक चलाने के लिए अपना ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य दस्तावेज दिए थे। दस्तावेज उपलब्ध कराने और अपराध में सहयोग के साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने मुरली साहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
इसके बाद पुलिस ने 1 नवंबर को चेतन साहू उर्फ रामजाने को पकड़ा। उसने खुलासा किया कि रायगढ़ में अजीत पेट्रोल पंप के पास हरिओम गैरेज की देखरेख करने वाले संतोष गुप्ता के साथ मिलकर उसने लोहे की हेराफेरी की योजना बनाई थी। योजना के तहत 9 सितंबर को बाईपास रोड पर उबड़-खाबड़ रास्ते में ट्रक से दो क्वायल गिरा दिए गए, जिसे संतोष गुप्ता ने अपने गैरेज में छिपाकर रख लिया था।
गैरेज से बरामद हुआ 5 लाख का लोहा
चेतन साहू से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने गैरेज में दबिश देकर संतोष कुमार गुप्ता को हिरासत में लिया। मेमोरेंडम बयान के आधार पर पुलिस ने गैरेज से 5 टन वजन के लोहे के दो क्वायल (कीमत लगभग 5 लाख रुपये) जब्त कर लिए।
मामले में आरोपी संतोष कुमार गुप्ता (25 वर्ष, निवासी रोहतास, बिहार, हाल मुकाम दरोगामुड़ा, रायगढ़) और चेतन साहू उर्फ रामजाने (30 वर्ष, निवासी ग्राम देवरी, रायपुर) को 1 नवंबर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


