शेयर करें...
रायपुर// छत्तीसगढ़ में इस मानसून सीजन अब तक सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। 1 जून से 26 सितंबर तक प्रदेश में औसत 1089.6 मिमी बारिश के मुकाबले 1150.5 मिमी पानी बरसा है। यानी प्रदेश में अब तक सामान्य से 5.6 फीसदी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई है।
शुक्रवार को ही प्रदेश में औसतन 68.1 मिमी बारिश दर्ज हुई। हालांकि प्रदेश का औसत आंकड़ा सामान्य से ऊपर है, लेकिन सभी जिलों में बारिश का हाल एक जैसा नहीं है। कुछ जिलों में बारिश सामान्य से काफी ज्यादा हुई है, तो कुछ जिले अब भी बारिश की कमी से जूझ रहे हैं।
रायपुर में सामान्य से 41.6% ज्यादा बारिश
राजधानी रायपुर में इस मानसून अब तक 1303.6 मिमी बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य बारिश से 41.6 फीसदी ज्यादा है। इसी तरह दुर्ग में अब तक 963.8 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 17.6 फीसदी ज्यादा है। गरियाबंद में 1462.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 35.6 फीसदी अधिक है।
इन जिलों में खूब बरसा पानी
बारिश के आंकड़ों में बलरामपुर सबसे ज्यादा बारिश वाले जिलों में शामिल है। यहां अब तक 1551.6 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 71.1 फीसदी ज्यादा है। नारायणपुर में 1720.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 29.3 फीसदी अधिक है। वहीं मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 1199.5 मिमी, बालोद में 1311.8 मिमी और धमतरी में 1301.1 मिमी बारिश हुई है।
इन जिलों में सामान्य से क्रमश: 24.6%, 25.7% और 22.2% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। महासमुंद में भी सामान्य से 24.7 फीसदी, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 35 फीसदी और मुंगेली में 16.9 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है।
14 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश
प्रदेश के कुल 14 जिलों में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। इनमें कई जिलों में बारिश सामान्य आंकड़े से काफी ऊपर पहुंच चुकी है। वहीं दूसरी तरफ प्रदेश के कुछ जिलों में अब भी बारिश की कमी बनी हुई है। बीजापुर में सामान्य से 19.1 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है। कांकेर में बारिश की कमी 16.9 फीसदी है।
सुकमा और बेमेतरा में सामान्य से 17.3 फीसदी कम बारिश हुई है। वहीं मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में सामान्य से 20.3 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। यानी प्रदेश के एक हिस्से में जहां बारिश का आंकड़ा सामान्य से काफी ऊपर निकल चुका है, वहीं कुछ जिले अब भी सामान्य बारिश के आंकड़े तक पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।
एक नजर में बारिश के आंकड़े
- छत्तीसगढ़: सामान्य से 5.6% ज्यादा
- रायपुर: सामान्य से 41.6% ज्यादा
- बलरामपुर: सामान्य से 71.1% ज्यादा
- गरियाबंद: सामान्य से 35.6% ज्यादा
- सारंगढ़-बिलाईगढ़: सामान्य से 35% ज्यादा
- बलरामपुर: सामान्य से 24.6% ज्यादा
- नारायणपुर: सामान्य से 25.7% ज्यादा
- मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: सामान्य से 22.2% ज्यादा
- महासमुंद: सामान्य से 24.7% ज्यादा
- मुंगेली: सामान्य से 16.9% ज्यादा
- बीजापुर: सामान्य से 19.1% कम
- सुकमा: सामान्य से 17.3% कम
- बेमेतरा: सामान्य से 17.3% कम
- मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी: सामान्य से 20.3% कम



