पवनी में जिला स्तरीय महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 190 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण, महिलाओं एवं बच्चों की हुई विशेष जांच..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पवनी परिसर में जिला स्तरीय महिला स्वास्थ्य एवं स्वच्छता कार्यक्रम तथा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता पर केंद्रित रहा। शिविर में चिकित्सकों द्वारा महिलाओं, बच्चों एवं अन्य नागरिकों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श एवं दवाइयां निःशुल्क प्रदान की गईं। शिविर में अब तक 190 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

Join WhatsApp Group Click Here

स्वास्थ्य शिविर में नेत्र जांच, दंत परीक्षण, मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण, मधुमेह एवं रक्तचाप जांच सहित विभिन्न बीमारियों की जांच की गई। टीबी की संभावित मरीजों के लिए डिजिटल एक्स-रे की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई गई। छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण करने के साथ ही पात्र हितग्राहियों को HPV वैक्सीन भी लगाई गई। शिविर में अंगदान एवं रक्तदान के लिए पंजीयन भी किया गया। दो हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाकर उन्हें मौके पर ही प्रदान किए गए।

कुष्ठ रोगियों को MCR चप्पल एवं सेल्फ केयर किट का वितरण

स्वास्थ्य विभाग द्वारा कुष्ठ रोग से प्रभावित मरीजों को MCR चप्पल, टब एवं मग सहित सेल्फ केयर किट का वितरण किया गया। मरीजों को पैरों एवं प्रभावित अंगों की नियमित देखभाल तथा सेल्फ केयर के तरीकों की जानकारी भी दी गई। जनप्रतिनिधियों द्वारा टीबी मरीजों को निक्षय मित्र के तहत पोषण आहार का वितरण किया गया।

आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में पोषण एवं योजनाओं की दी गई जानकारी

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पौष्टिक आहार एवं विभिन्न व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई गई। विभाग द्वारा महतारी वंदन योजना, नोनी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, सुकन्या योजना तथा मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना सहित महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपस्थित हितग्राहियों को दी गई। कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से अतिथियों को मुनगा के पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने शासकीय योजनाओं से उनके जीवन में आए सकारात्मक बदलावों के अनुभव भी साझा किए।

महतारी वंदन योजना की राशि बनी स्वरोजगार और बेटी की प्रतिभा का सहारा

कुसुम बसंत ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उन्होंने महिला कोष से एक लाख रुपये का ऋण लेकर टेलरिंग की दुकान शुरू की, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार आया। उन्होंने महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि को बचाकर अपनी बेटी हेमा बसंत का मार्शल आर्ट अकादमी में प्रवेश कराया, जहां प्रतिमाह करीब 900 रुपये फीस दी जा रही है। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी ने मार्शल आर्ट प्रतियोगिताओं में दो राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार तथा एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का पुरस्कार हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

पवनी निवासी संजना साहू ने बताया कि उन्होंने महतारी वंदन योजना से प्राप्त सात माह की राशि को एकत्र कर कपड़ों का व्यवसाय शुरू किया। अब वे स्कूटी से गांव-गांव जाकर कपड़ों का विक्रय कर रही हैं और इससे उन्हें आय का साधन मिला है। उन्होंने योजना को महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में उपयोगी बताया।

शिशुवती माता कौशल्या ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र से बच्चों को रेडी-टू-ईट एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाता है तथा समय-समय पर टीकाकरण की सुविधा भी मिलती है। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना से प्राप्त राशि का उपयोग वे अपने बच्चे की आवश्यकताओं एवं पौष्टिक आहार की खरीदी में करती हैं।

बेहतर कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं और हितग्राहियों का सम्मान

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास तथा स्वास्थ्य से जुड़े क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्वस्थ माता-बच्चों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। हेमलता साहू, लाकेश्वर साहू, सुनीता लहरे, धन्नू साहू एवं अनुसिया साहू सहित विभिन्न कार्यकर्ताओं और हितग्राहियों को उनके उत्कृष्ट कार्य एवं सहभागिता के लिए सम्मानित किया गया।

जनप्रतिनिधियों ने किया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पवनी का निरीक्षण

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पवनी का निरीक्षण कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं एवं साफ-सफाई की सराहना करते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से बनाए रखने के लिए कहा गया।

Scroll to Top