ऑपरेशन आघात : कोटपा एक्ट के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 80 प्रकरण दर्ज, 16200 रुपये जुर्माना..

शेयर करें...

रायगढ़// जिले में सार्वजनिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत कोटपा एक्ट के नियमों का सख्ती से पालन कराते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एक ही दिन में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कुल 80 प्रकरण दर्ज कर 16,200 रुपये का जुर्माना वसूला। यह अभियान सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

Join WhatsApp Group Click Here

बस स्टैंड से अस्पताल तक चला सघन अभियान

पुलिस टीमों ने बस स्टैंड, बाजार, शासकीय कार्यालय और अस्पताल जैसे सार्वजनिक स्थलों पर व्यापक जांच अभियान चलाया। इस दौरान पान दुकानों में नियमों का उल्लंघन करने और बिना चेतावनी वाले तंबाकू उत्पाद बेचने वालों पर कार्रवाई की गई। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वाले लोगों पर भी चालानी कार्रवाई की गई।

अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई का ब्योरा

अभियान के तहत तमनार में 27 प्रकरणों में 5,400 रुपये, धरमजयगढ़ में 17 प्रकरणों में 3,400 रुपये, लैलूंगा में 16 प्रकरणों में 3,200 रुपये, छाल में 11 प्रकरणों में 2,200 रुपये, कापू में 7 प्रकरणों में 1,400 रुपये और कोतरारोड़ में 2 प्रकरणों में 600 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस तरह पूरे जिले में कुल 80 मामलों में कार्रवाई की गई।

रेस्टोरेंट में रेड, हुक्का पिलाते पकड़ा गया मैनेजर

इसी अभियान के तहत सम्बलपुरी रोड स्थित Butterfly Bliss गार्डन/रेस्टोरेंट में पुलिस ने छापेमारी की। यहां मैनेजर चंदन कुमार पत्रो द्वारा बिना अनुमति हुक्का पिलाते हुए पाया गया। मौके से हुक्का पॉट, फ्लेवर तंबाकू और अन्य सामग्री जब्त कर कोटपा एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

सख्त संदेश : नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ किया है कि कोटपा एक्ट का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और तंबाकू उत्पादों के अवैध उपयोग पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

Scroll to Top