शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में अवैध खनन और नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन लगातार सख्त नजर आ रहा है। इसी कड़ी में सोमवार देर शाम कटंगपाली और साल्हेओना क्षेत्र में एक बार फिर ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो क्रेशर प्लांट को सील कर दिया गया, जबकि एक अवैध खदान से पोकलेन मशीन जब्त की गई। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम डॉ वर्षा बंसल और तहसीलदार सरिया कोमल प्रसाद साहू की टीम ने सालासर इंटरप्राइजेज क्रेशर साल्हेओना और मां बंजारी क्रेशर कटंगपाली पर कार्रवाई करते हुए दोनों क्रेशर को आगामी आदेश तक सील कर दिया। बताया जा रहा है कि जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आई थीं, जिसके बाद यह सख्त कदम उठाया गया।
इसके अलावा कटंगपाली क्षेत्र की एक अवैध खदान में दबिश देकर एक पोकलेन मशीन को भी सील किया गया। मौके पर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं मिला, जिससे यह स्पष्ट नहीं हो सका कि खदान और मशीन किसकी है। प्रशासन अब इस पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।
कार्रवाई के बाद अवैध खदान और क्रेशर संचालकों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने साफ संकेत दे दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं इस पूरे मामले की रिपोर्ट माइनिंग विभाग को भेजी जा रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।


