रायगढ़ को मिली 16 अत्याधुनिक डॉयल-112 गाड़ियां, अब पुलिस से लेकर मेडिकल और फायर सेवा तक मिलेगी तेज मदद..

शेयर करें...

रायगढ़// सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में रायगढ़ जिले को बड़ी सौगात मिली है। छत्तीसगढ़ डॉयल-112 फेज-2 नेक्स्ट जेनरेशन योजना के तहत जिले को 16 अत्याधुनिक इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) मिले हैं। बुधवार को पुराना पुलिस लाइन रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में एसएसपी शशि मोहन सिंह सहित प्रशासन और पुलिस विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। इन आधुनिक वाहनों के जरिए अब आम लोगों को किसी भी आपात स्थिति में पहले से ज्यादा तेज और प्रभावी सहायता मिल सकेगी।

Join WhatsApp Group Click Here

डॉयल-112 योजना का हुआ बड़ा विस्तार

कार्यक्रम के दौरान एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि डॉयल-112 योजना पहले राज्य के 16 जिलों में संचालित थी, लेकिन अब फेज-2 नेक्स्ट जेनरेशन के तहत इसे प्रदेश के सभी 33 जिलों तक विस्तारित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कुल 400 इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल तैनात किए गए हैं, जिनमें रायगढ़ जिले को 16 वाहन आबंटित हुए हैं। इस परियोजना का लोकार्पण 18 मई 2026 को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा किया गया था।

आधुनिक तकनीक से लैस हैं नए वाहन

नई ईआरवी गाड़ियों में PTZ कैमरा, डैश कैमरा, GPS सिस्टम, मोबाइल डेटा टर्मिनल और स्मार्ट मोबाइल फोन जैसे आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। इनकी मदद से घटनास्थल तक तेजी से पहुंचने और तुरंत कार्रवाई करने में मदद मिलेगी। नई व्यवस्था के तहत पुलिस सेवा के साथ मेडिकल, फायर ब्रिगेड, आपदा प्रबंधन, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन और नेशनल हाईवे सेवाओं को भी एकीकृत किया गया है। सभी सेवाएं अब एक ही आपातकालीन नंबर 112 से जुड़ी रहेंगी। इसके संचालन के लिए रायपुर में आधुनिक कमांड एंड कंट्रोल सेंटर C4 स्थापित किया गया है।

आमजन की सुरक्षा और त्वरित सहायता पर जोर

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि यह परियोजना शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल है और इससे कानून व्यवस्था को मजबूत करने में बड़ी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था से पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ेगी और आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे, एडिशनल एसपी अनिल सोनी सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी 16 आधुनिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

Scroll to Top