शेयर करें...
रायगढ़// जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी और अवैध शराब कारोबार में लिप्त आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना और पुसौर पुलिस की संयुक्त टीम ने जहां गांजा तस्कर को दबोचा, वहीं तमनार और छाल पुलिस ने भी अलग-अलग कार्रवाई कर शराब कारोबारियों पर शिकंजा कसा।
पुसौर में गांजा तस्कर गिरफ्तार, पान ठेले के पीछे छिपाकर रखा था माल
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुसौर क्षेत्र में एक व्यक्ति पान ठेले के पीछे गांजा छिपाकर बेच रहा है। सूचना पर टीम ने घेराबंदी कर आरोपी गुलाब यादव को पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से करीब 6.200 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 62 हजार रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में आरोपी ने सस्ते दाम पर गांजा लाकर इलाके में बेचने की बात स्वीकार की।
झाड़ियों में छिपाई गई 259 पाव शराब, आरोपी मौके से पकड़ा गया
इसी कार्रवाई के दौरान पुलिस को पास की झाड़ियों में बड़ी मात्रा में शराब छिपाकर रखने की सूचना मिली। रेड के दौरान दीपेश ठाकुर को गिरफ्तार किया गया, जिसके कब्जे से 259 पाव देशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
तमनार और छाल में भी कार्रवाई, महिला समेत कई आरोपी गिरफ्तार
तमनार क्षेत्र के ग्राम महलोई में पुलिस ने एक घर पर दबिश देकर रजनी चौहान को 12 लीटर महुआ शराब के साथ पकड़ा। वहीं छाल पुलिस ने भी लगातार कार्रवाई करते हुए तुलेश्वरी यादव को 9 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। इसके अलावा पहले से फरार चल रहे आरोपी प्रदीप बेहरा को भी पकड़ लिया गया, जो दोबारा शराब बेचने की फिराक में था। उसके पास से भी 10 लीटर महुआ शराब बरामद हुई।
पुलिस का सख्त संदेश; नशे के कारोबारियों को नहीं मिलेगी कोई राहत
पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल मिलाकर 6 किलो से अधिक गांजा, 259 पाव देशी शराब और 31 लीटर महुआ शराब जब्त की है। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का साफ कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी हाल में पनपने नहीं दिया जाएगा और इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


