अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर सरगांव पुलिस की जनजागरूकता पहल, साप्ताहिक बाजार में लोगों को किया जागरूक

शेयर करें...

सरगांव। अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस (26 जून 2026) के अवसर पर थाना सरगांव के थाना प्रभारी संतोष कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा ग्राम बावली के खरसोला स्थित साप्ताहिक बाजार में जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
इस दौरान पुलिस टीम ने बाजार में उपस्थित आम नागरिकों को अवैध मादक पदार्थों के सेवन, दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी से दूर रहने की अपील की। लोगों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए बताया गया कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है।
थाना प्रभारी संतोष कुमार शर्मा ने नागरिकों से अपील की कि यदि उनके आसपास किसी भी प्रकार की अवैध नशे की गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके। अभियान के दौरान उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग देने का संकल्प भी लिया।
सरगांव पुलिस ने संदेश दिया कि “नशा छोड़ें, स्वस्थ जीवन अपनाएं और समाज को सुरक्षित एवं खुशहाल बनाने में अपना योगदान दें।”

Join WhatsApp Group Click Here
Scroll to Top