शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सरिया पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जाए जा रहे 41 किलो 620 ग्राम गांजा के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान गांजा, एक कार और मोबाइल सहित करीब 12.20 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार 26 जून को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की बलेनो कार (UP 90 R 3416) में एक व्यक्ति उड़ीसा से गांजा लेकर सरिया होते हुए रायगढ़ के रास्ते उत्तर प्रदेश जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना सरिया के सामने मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की।
कुछ देर बाद संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। पूछताछ में चालक ने अपना नाम रितिक राय (26 वर्ष), निवासी ग्राम अमरहट, थाना सरायलखनसी, जिला मऊ (उत्तर प्रदेश) बताया। कार की डिक्की की तलाशी लेने पर खाकी रंग के प्लास्टिक टेप से लिपटे 40 पैकेटों में 41 किलो 620 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 4.10 लाख रुपये आंकी गई।
पुलिस ने गांजा के साथ तस्करी में प्रयुक्त बलेनो कार और एक ओप्पो स्मार्टफोन भी जब्त कर लिया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 12.20 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर उसे 26 जून को गिरफ्तार किया गया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक एन.एल. राठिया, उपनिरीक्षक मोतीलाल डनसेना, प्रधान आरक्षक मोहनलाल गुप्ता, अनिल साहू, सुरेन्द्र सिदार, टीकाराम पटेल, आरक्षक दिगम्बर पटेल, लक्ष्मीनारायण पटेल, मुकेश कश्यप, नर्मदा यादव, सुरेन्द्र पटेल, दिलीप साहा तथा साइबर सेल सारंगढ़ के आरक्षक कृष्णा डनसेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


