शेयर करें...
रायगढ़// रायगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन अंकुश के तहत केलो विहार इलाके में संचालित अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने किराये के मकान में युवती से देह व्यापार कराने के आरोप में 52 वर्षीय गोविंद साहू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ग्राहकों से प्राप्त 2 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बोईरदादर विजयपुर निवासी गोविंद साहू केलो विहार में गोपीनाथ मेहर का मकान किराये पर लेकर युवतियों के माध्यम से देह व्यापार संचालित कर रहा है। सूचना मिलने पर एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन और सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में चक्रधरनगर पुलिस की टीम गठित की गई।
ग्राहक बनकर पहुंचा पुलिस का पाइंटर, संकेत मिलते ही दी दबिश
पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से मकान की घेराबंदी की और एक पाइंटर को ग्राहक बनाकर अंदर भेजा। पाइंटर से निर्धारित संकेत मिलते ही पुलिस टीम ने मकान को चारों ओर से घेरकर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान में गोविंद साहू मिला, जबकि एक कमरे में युवती और कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद हुईं।
पुलिस के मुताबिक, युवती से पूछताछ में आरोपी द्वारा रुपये देकर उसे अनैतिक कार्य के लिए लाने की बात सामने आई। वहीं आरोपी ने पूछताछ में पैसों की आवश्यकता के चलते इस गतिविधि में शामिल होना बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 हजार रुपये और एक मोबाइल फोन जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
देह व्यापार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरोपी गोविंद साहू के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम 1956 की धारा 3, 4, 5 एवं 7 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चक्रधरनगर निरीक्षक राकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक गेंदलाल, उपनिरीक्षक संजय नाग, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक हर्ष चंद्राकर, मनीषा ध्रुवे, सहायक उपनिरीक्षक भागीरथी चौधरी, आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे, महिला आरक्षक जेनिपा पन्ना और महिला आरक्षक प्रीति यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जिले में अवैध और अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से आसपास की संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।


