शेयर करें...
रायगढ़// पुसौर विकासखंड के पायोनियर पब्लिक स्कूल कोंडातराई में आयोजित चार दिवसीय विकासखंड स्तरीय द्वितीय सोपान स्काउट एवं गाइड जांच शिविर का 19 नवंबर को सफलतापूर्वक समापन हुआ। 16 से 19 नवंबर तक चले इस शिविर में 103 गाइड और 81 स्काउट सहित कुल 184 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को स्काउटिंग के नियमों, सिद्धांतों, अनुशासन, सेवा भावना और विभिन्न व्यावहारिक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, सहयोग, अनुशासन और समाज सेवा की भावना विकसित करना रहा। प्रतिदिन सुबह व्यायाम और शारीरिक गतिविधियों के साथ दिन की शुरुआत होती थी। इसके बाद स्काउटिंग के नियम, प्रतिज्ञा, संकेत, गांठ बांधने की कला, सामूहिक कार्य और सेवा भावना से जुड़ी गतिविधियां कराई गईं। प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को विषम परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने, अपने काम स्वयं करने और समूह में मिलकर काम करने की सीख दी। साथ ही नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने, समय प्रबंधन और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे गुणों के विकास पर जोर दिया गया।
66 शिक्षकों ने भी लिया बिगनर्स कोर्स में प्रशिक्षण
द्वितीय सोपान शिविर के साथ माध्यमिक और हाई स्कूल के शिक्षकों के लिए बिगनर्स कोर्स भी आयोजित किया गया। इसमें कुल 66 शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को स्काउटिंग के मूल सिद्धांतों, गतिविधियों, अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।
ग्रैंड कैम्प फायर और सांस्कृतिक संध्या ने बांधा समां
शिविर के अंतिम दिन की पूर्व संध्या पर ग्रैंड कैम्प फायर और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इसमें स्काउट एवं गाइड के विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा दिखाई। जलती मशालों और दीपों के बीच विद्यार्थियों की एकजुटता, अनुशासन और उत्साह ने कार्यक्रम को यादगार बनाया।
कार्यक्रम में बीडीसी गोपी चौधरी, सहायक संचालक दिनेश पटेल, बीईओ भुवनेश्वर पटेल, चित्रसेन पटेल, जिला प्रशिक्षण आयुक्त जितेंद्र डनसेना तथा पहल समिति के अध्यक्ष सुकलाल पटेल सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और उनके उत्साह की सराहना की।
प्रशिक्षण से व्यक्तित्व विकास पर जोर
शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को बताया गया कि स्काउटिंग केवल प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासित, आत्मनिर्भर, सेवाभावी और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देती है। ऐसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक सद्भाव और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है।
शिविर के सफल संचालन में सहायक जिला आयुक्त एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी भुवनेश्वर पटेल का मार्गदर्शन रहा। शिविर संरक्षक चित्रसेन पटेल और अक्षय कुमार सतपथी, स्काउट शिविर संचालक राजकिशोर स्वर्णकार, गाइड शिविर संचालक सरोजिनी यादव, कृष्ण कुमार बारीक (एएलटी), मिलाप सिंह पटेल (एएलटी), महिपाल दास महंत (प्रि-एलटी), पंकज विश्वाल (प्रि-एलटी), अनिल सतपथी (एएलटी), सुभाषिनी खम्हारी (प्रि-एलटी), सनत कुमार चौधरी (स्काउट मास्टर) और सरिता श्रीवास्तव (प्रि-एलटी) ने प्रशिक्षण और आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


