शेयर करें...
रायपुर/ छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए गौरवपूर्ण क्षण है। नक्सल मोर्चे पर साहस और दृढ़ता के साथ कठिन चुनौतियों का सामना करते हुए पुलिस ने उत्कृष्ट सेवा का प्रमाण दिया है। इसी कारण उसे ‘राष्ट्रपति का पुलिस ध्वज’ सम्मान प्रदान किए जाने की मंजूरी मिल गई है। यह विशेष ध्वज देश के चुनिंदा राज्यों की पुलिस इकाइयों को दिया जाता है।
छत्तीसगढ़ को सम्मान दिए जाने के बाद वह उन चुनिंदा 12 राज्यों में शुमार हो जाएगा। यानी पुलिस बल के जवान इस ध्वज की प्रतिकृति को अपनी वर्दी पर प्रतीक चिह्न के रूप में धारण करेंगे। यह 25 वर्षों की अनुकरणीय सेवा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। पुलिस महानिदेशक यानी डीजीपी राज्य की ओर से यह सम्मान प्राप्त करेंगे। समारोह के दौरान पारंपरिक परेड होगी। सर्वधर्म पाठ का आयोजन भी किया जाएगा। 25 को रायपुर दौरे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू यह सम्मान सौंपेगी। सरकार ने 16 फरवरी 2018 को गृह विभाग के माध्यम से यह प्रस्ताव भेजा था।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह सम्मान छत्तीसगढ़ पुलिस के साहस, अनुशासन और देशभक्ति का प्रमाण है। हमारे जवानों ने विपरीत परिस्थितियों में भी नक्सलियों के खिलाफ सफलता प्राप्त की है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है। यह ध्वज हमारे पुलिस बल के हौसले को और भी ऊंचा करेगा। उन्हें राज्य की सुरक्षा और सेवा में प्रेरित करेगा।’

