यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की सख्ती, 22 मामलों में 27,400 रुपये का चालान..

शेयर करें...

सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस का सघन अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

Join WhatsApp Group Click Here

अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 22 मामलों में कार्रवाई करते हुए 27,400 रुपये का चालान काटा। कार्रवाई में खास तौर पर नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, बिना जरूरी दस्तावेज के वाहन चलाने और सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने जैसे मामलों पर ध्यान दिया गया।

इन मामलों में हुई कार्रवाई

यातायात पुलिस के अनुसार धारा 4/181 और 5/180 के तहत 10 मामलों में 20 हजार रुपये, धारा 122/177 के तहत 7 मामलों में 2,100 रुपये तथा धारा 116/190(2) के तहत 2 मामलों में 4 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने कार्रवाई के साथ वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी और भविष्य में नियमों का उल्लंघन नहीं करने की हिदायत दी।

गलत पार्किंग पर भी रहेगी नजर

सड़कों पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा करने के कारण अक्सर यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ भी विशेष अभियान चलाने की बात कही है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय जरूरी दस्तावेज साथ रखें, नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सड़क पर ऐसी जगह वाहन पार्क न करें, जिससे दूसरे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो।यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और सुचारू यातायात व्यवस्था के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Scroll to Top