शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// शहर में लगातार मिल रही शिकायतों और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से सारंगढ़ सिटी कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को फ्लैग मार्च और पैदल पेट्रोलिंग अभियान चलाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय एवं एसडीओपी स्नेहिल साहू के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में पुलिस बल ने रानी लक्ष्मीबाई कॉम्प्लेक्स, बस स्टैंड, सदर बाजार, तुर्की तालाब चौपाटी और गार्डन क्षेत्र सहित अन्य संवेदनशील इलाकों में मार्च किया।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम नागरिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं। वहीं क्षेत्र के युवकों को थाना बुलाकर समझाइश दी गई कि वे आपसी विवाद, मारपीट, स्टंटबाजी और अनावश्यक समूहबाजी जैसी गतिविधियों से दूर रहें। पुलिस ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत देने को कहा।
अभियान के दौरान पुलिस ने कई स्थानों पर पैदल पेट्रोलिंग कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी रखते हुए उन्हें भविष्य में कानून व्यवस्था भंग करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। पुलिस की मौजूदगी से प्रमुख बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा का माहौल देखने को मिला।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है। असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा क्षेत्र में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी अभियान जारी रहेगा।


