शेयर करें...
सारंगढ़-बिलाईगढ़// जिले में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा अब सड़कों पर दिखने लगा है। विद्युत मंडल कार्यालय के सामने बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने धरना प्रदर्शन कर विभाग के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गरम रहा और जल्द समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई।
शहर से गांव तक अंधेरा, जनजीवन प्रभावित
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बिना सूचना के हो रही बिजली कटौती से आम लोग बुरी तरह परेशान हैं। शहर से लेकर गांव तक अंधेरा छाया रहता है। महिलाओं को घर के कामकाज में दिक्कत हो रही है, छोटे व्यापारियों का काम प्रभावित हो रहा है और किसान सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। गर्मी के मौसम में बार-बार बिजली जाने से हालात और भी खराब हो गए हैं।
कांग्रेस का हमला, उग्र आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा में इस तरह की अनियमितता सीधे तौर पर जनता को संकट में डाल रही है। उन्होंने मांग की कि बिजली सप्लाई को नियमित किया जाए और कटौती का स्पष्ट समय तय कर लोगों को जानकारी दी जाए।
प्रदर्शन के दौरान शुभम बाजपेई ने साफ कहा कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो जिला युवा कांग्रेस पूरे जिले में बिजली विभाग का घेराव करेगी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है, जरूरत पड़ी तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। धरना
प्रदर्शन में विनोद भारद्वाज समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में बिजली समस्या के समाधान की मांग की और विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। अब देखने वाली बात यह होगी कि विभाग इस चेतावनी को कितनी गंभीरता से लेता है या आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज होता है।


