सीजीआईटी रायगढ़ में डिप्लोमा प्रवेश हेतु ऑनलाइन काउंसिलिंग 11 जून से प्रारंभ..

शेयर करें...

रायगढ़// तकनीकी शिक्षा संचालनालय, छत्तीसगढ़ द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पॉलिटेक्निक संस्थानों में संचालित विभिन्न डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु ऑनलाइन काउंसिलिंग कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (CGIT), रायगढ़ ने विद्यार्थियों से निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन पंजीयन कर प्रवेश प्रक्रिया में भाग लेने की अपील की है। संस्थान के अनुसार डिप्लोमा इंजीनियरिंग तथा डिप्लोमा लेटरल एंट्री पाठ्यक्रमों में प्रवेश ऑनलाइन काउंसिलिंग के माध्यम से किया जाएगा।

Join WhatsApp Group Click Here

प्रथम चरण की काउंसिलिंग के लिए ऑनलाइन पंजीयन 11 जून प्रातः 10 बजे से 15 जून रात्रि 11:59 बजे तक किया जा सकेगा। मेरिट सूची 16 जून को जारी होगी तथा दावा-आपत्ति 17 जून तक आमंत्रित की जाएगी। सीट आवंटन परिणाम 19 जून को घोषित किया जाएगा और चयनित अभ्यर्थी 20 जून से 24 जून तक प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर सकेंगे।

द्वितीय चरण के लिए पंजीयन 26 जून से 30 जून तक होगा। मेरिट सूची 1 जुलाई को जारी की जाएगी तथा दावा-आपत्ति 2 जुलाई तक स्वीकार की जाएगी। सीट आवंटन परिणाम 3 जुलाई को जारी होगा और अभ्यर्थी 4 जुलाई से 9 जुलाई तक प्रवेश ले सकेंगे।

इसके अतिरिक्त रिक्त सीटों के लिए संस्था स्तर की काउंसिलिंग भी आयोजित की जाएगी। संस्था स्तर पर पंजीयन 11 जुलाई से 16 जुलाई तक होगा तथा मेरिट सूची 17 जुलाई को जारी की जाएगी। इसके आधार पर 18 जुलाई से 21 जुलाई तक प्रवेश की कार्यवाही संपन्न की जाएगी।

संस्थान में डिप्लोमा इंजीनियरिंग के अंतर्गत सिविल इंजीनियरिंग (42 सीट), कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (42 सीट), इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग (84 सीट), मैकेनिकल इंजीनियरिंग (84 सीट), इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (40 सीट) तथा मेटलर्जिकल इंजीनियरिंग (42 सीट) में प्रवेश उपलब्ध हैं। विभिन्न शाखाओं में कुल 334 सीटों पर प्रवेश ऑनलाइन काउंसिलिंग के माध्यम से किया जाएगा।

संस्थान के प्राचार्य ने बताया कि इच्छुक विद्यार्थी समय पर पंजीयन कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रवेश प्रक्रिया में भाग लें। प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी तकनीकी शिक्षा संचालनालय की वेबसाइट एवं संस्थान से प्राप्त की जा सकती है। छत्तीसगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, रायगढ़ ने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने तथा रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान करने के अपने संकल्प को दोहराते हुए अधिक से अधिक विद्यार्थियों से प्रवेश प्रक्रिया में भाग लेने का आग्रह किया है।

Scroll to Top