शेयर करें...
सारंगढ़ बिलाईगढ़// बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेंज के सभी जिलों में पदस्थ नव प्रशिक्षु उप निरीक्षकों (सब-इंस्पेक्टरों) की समीक्षा बैठक ली। रक्षित केंद्र बिलासपुर स्थित चेतना भवन में आयोजित बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जबकि रेंज के अन्य जिलों के पुलिस अधीक्षक और प्रशिक्षु उप निरीक्षक ऑनलाइन जुड़े।
बैठक के दौरान आईजी राम गोपाल गर्ग ने नव नियुक्त अधिकारियों को पुलिस सेवा की जिम्मेदारियों, अनुशासन और जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्दी पहनने के बाद किसी भी अधिकारी का आचरण केवल व्यक्तिगत नहीं रहता, बल्कि वह पूरे पुलिस विभाग की छवि का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने यातायात नियमों के पालन, सदाचार बनाए रखने और ऐसा कोई कार्य नहीं करने की हिदायत दी जिससे पुलिस की छवि धूमिल हो।
आईजी ने तकनीकी दक्षता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को CCTNS में स्वयं प्रविष्टियां करना सीखना होगा तथा विभागीय ऐप्स जैसे सशक्त, ई-साक्ष्य, आईओ मितान और समाधान का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित करना होगा। इसके साथ ही साइबर अपराध, सोशल मीडिया और कंप्यूटर संबंधी ज्ञान को भी आवश्यक बताया गया। वहीं व्यावहारिक प्रशिक्षण के तहत प्रत्येक प्रशिक्षु को कम से कम पांच समन और पांच वारंट तामील करने तथा पुरानी एफआईआर और चार्जशीट का अध्ययन करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जनता की शिकायतों को धैर्यपूर्वक सुनने, पीड़ितों का भरोसा जीतने, विभागीय नियमों का पालन करने और दैनिक डायरी नियमित रूप से संधारित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक के अंत में आईजी राम गोपाल गर्ग ने सभी नव प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले 20 से 25 वर्षों तक छत्तीसगढ़ पुलिस की कार्यप्रणाली और छवि को मजबूत बनाने की जिम्मेदारी इसी नए बैच के कंधों पर होगी, इसलिए सभी अधिकारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।


