स्कूल और कॉलेज वाहनों की सुरक्षा व फिटनेस जांच के लिए एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन, चालकों का किया गया गहन स्वास्थ्य व नेत्र परीक्षण..

शेयर करें...

सारंगढ़ बिलाईगढ़// जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय एवं एसडीओपी स्नेहिल साहू के कुशल मार्गदर्शन में एक दिवसीय विशेष जांच शिविर का आयोजन किया गया। खेलभांठा मैदान में आयोजित इस शिविर में जिले के विभिन्न स्कूल और कॉलेजों में संचालित बसों का फिटनेस टेस्ट और उनके चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। यह महत्वपूर्ण आयोजन स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, आरटीओ और यातायात टीम के संयुक्त तत्वाधान में संपन्न हुआ।

Join WhatsApp Group Click Here

सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने और छात्र-छात्राओं के सुरक्षित सफर को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से इस शिविर में व्यापक जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान स्कूली बसों के हॉर्न, सीसीटीवी कैमरे, फर्स्ट एड किट, प्रदूषण क्लियरेंस सर्टिफिकेट, इंडिकेटर, इमरजेंसी गेट, अग्निशामक यंत्र और खिड़कियों पर लगी जालियों की गहनता से जांच की गई। इसके साथ ही वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी बुक और अन्य स्टाफ के व्यक्तिगत रिकॉर्ड का भी मिलान किया गया।

सुरक्षित ड्राइविंग के लिए चालकों की सेहत को ध्यान में रखते हुए शिविर में उनका विशेष मेडिकल चेकअप भी कराया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा चालकों की आंखों की जांच, ब्लड प्रेशर और शुगर लेवल की जांच सहित अन्य आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण किए गए।

शिविर का निरीक्षण करने पहुंचीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय ने वाहन चालकों को सख्त लहजे में हिदायत दी कि किसी भी परिस्थिति में नशे की हालत में वाहन न चलाएं। उन्होंने सभी वाहनों की तकनीकी खामियों को तत्काल सुधारने के निर्देश दिए और चेतावनी दी कि बच्चों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले ड्राइवरों व प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शिविर में उपस्थित आरटीओ विभाग के अधिकारियों ने सभी वाहनों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संचालकों को जरूरी सुधार के निर्देश दिए।

इस एक दिवसीय शिविर के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पाण्डेय, एसडीओपी स्नेहिल साहू, रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा सहित आरटीओ, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और यातायात टीम के कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

Scroll to Top