शेयर करें...
रायपुर// मुंगेली जिले में तत्कालीन सहायक संचालक एवं जनसंपर्क अधिकारी सुजीत सिंह से जुड़े विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। मामले में तय समय-सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं होने से नाराज मीडिया प्रतिनिधि खेमेश्वर पुरी गोस्वामी नवा रायपुर के तूता धरना स्थल पर एकल अनशन पर बैठ गए हैं। उन्होंने कहा कि उनका यह कदम किसी व्यक्तिगत विवाद के लिए नहीं, बल्कि पत्रकारों के सम्मान, प्रशासनिक पारदर्शिता और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर है।

वित्तीय अनियमितता और पत्रकारों पर टिप्पणी के लगाए गए आरोप
जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मुंगेली के मीडिया प्रतिनिधियों ने पहले कलेक्टर कार्यालय के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा था। इसमें तत्कालीन जनसंपर्क अधिकारी की मुंगेली में पदस्थापना के दौरान शासकीय विज्ञापनों और आयोजनों से जुड़े कामों में कथित वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाए गए थे। इसके अलावा स्थानांतरण के बाद सामने आए एक कथित ऑडियो को लेकर भी पत्रकारों के खिलाफ अमर्यादित, विद्वेषपूर्ण और मानहानिकारक टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाया गया है।
मामले को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी शिकायत की गई थी। वहीं पत्रकार खेमेश्वर पुरी गोस्वामी ने केंद्र सरकार के लोक शिकायत निवारण पोर्टल PM-PG Portal पर भी शिकायत दर्ज कराते हुए निर्धारित समय में जांच और कार्रवाई की मांग की थी। उनका कहना है कि शिकायतों के बाद भी अपेक्षित स्तर पर ठोस कार्रवाई सामने नहीं आने के कारण उन्हें अनशन का रास्ता अपनाना पड़ा।
निष्पक्ष जांच और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की मांग
अनशन पर बैठे खेमेश्वर पुरी गोस्वामी की मुख्य मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए नियमानुसार उच्चस्तरीय या स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराई जाए। साथ ही पत्रकारों के खिलाफ की गई कथित अशोभनीय टिप्पणियों को लेकर वैधानिक कार्रवाई और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों की अधिकृत विधि विज्ञान प्रयोगशाला से तकनीकी जांच कराने की मांग भी की गई है।
उन्होंने कहा कि किसी सरकारी अधिकारी पर वित्तीय अनियमितता या शासकीय आचरण से जुड़े गंभीर आरोप सामने आने पर मामले की प्राथमिक जांच कर स्थिति स्पष्ट करना जरूरी है। अब उनका एकल अनशन शुरू होने के बाद निगाहें शासन और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। अनशनकारी का कहना है कि जब तक मामले में नियमानुसार जांच और उचित कार्रवाई की दिशा में ठोस पहल नहीं होती, तब तक उनका सत्याग्रह जारी रहेगा।



You must be logged in to post a comment.